जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार रात इंस्टाग्राम पर आयोजित ‘आस्क मी एनीथिंग (AMA)‘ सत्र में युवाओं के सवालों के जवाब दिए। इस दौरान उन्होंने राजनीति से जुड़े गंभीर मुद्दों के साथ-साथ हल्के-फुल्के और मजाकिया सवालों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। बातचीत में झारखंड छात्र आंदोलन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, संविधान, पसंदीदा भाजपा नेता और पालतू कुत्ते जैसे विषय शामिल रहे।
बैटमैन वाले सवाल पर दिया मजेदार जवाब
AMA सत्र के दौरान एक यूजर ने राहुल गांधी से पूछा, “क्या आप बैटमैन हैं?” इस पर उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “बस इतना समझ लीजिए कि मुझे और बैटमैन को किसी ने कभी एक ही कमरे में साथ नहीं देखा।” राहुल के इस जवाब पर सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं।
झारखंड छात्र आंदोलन पर रखी राय
झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि हर सरकार को छात्रों की आवाज सुननी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं की चिंताओं और मांगों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए तथा संवाद के जरिए समाधान निकाला जाना चाहिए।
छात्र आंदोलन के मीम पर पीएम मोदी पर तंज
हाल के छात्र आंदोलन से जुड़े पसंदीदा मीम के बारे में पूछे जाने पर राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि “आधी रात को प्रधानमंत्री आवास से आए वीडियो सबसे अच्छे थे, जिनमें एक घबराए हुए प्रधानमंत्री को दिखाया गया था।”
पसंदीदा भाजपा नेता के सवाल पर लिया अमरिंदर सिंह का नाम
भाजपा में अपने पसंदीदा नेता के बारे में पूछे जाने पर राहुल गांधी ने कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लिया। उन्होंने कहा कि अमरिंदर सिंह से उनके अच्छे संबंध हैं और वे सैन्य इतिहास के अच्छे जानकार हैं। मुस्कुराते हुए राहुल ने कहा, “हैलो अंकल अमरिंदर।”
संविधान की विचारधारा पर बोले
संविधान को आकार देने वाली विचारधाराओं से जुड़े सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें उन सभी महान व्यक्तित्वों और विचारधाराओं में रुचि है, जिन्होंने भारत के संविधान के निर्माण में योगदान दिया। उन्होंने भगवान बुद्ध, गुरु नानक देव, बसवन्ना, शंकरदेव, बिरसा मुंडा, पेरियार, महात्मा फुले, नारायण गुरु, डॉ. भीमराव आंबेडकर और महात्मा गांधी का उल्लेख किया।
‘नूरी’ भी बनी बातचीत का हिस्सा
बातचीत के दौरान राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी के पालतू कुत्ते ‘नूरी’ को भी कैमरे के सामने लेकर आए। जब उनसे डॉग पैरेंट होने के अनुभव के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वे खुद डॉग पैरेंट नहीं हैं। उन्होंने कहा, “हम जानवरों के मालिक नहीं हैं। हम इस धरती को उनके साथ साझा करते हैं। सभी जीवों को सम्मान, प्यार और स्नेह मिलना चाहिए।” इसके बाद उन्होंने हंसते हुए कहा कि “यह नूरी है, मेरी मां का कुत्ता। मां मुझसे नाराज होंगी कि मैंने इसे वीडियो में दिखा दिया, लेकिन अब जो होगा देखा जाएगा।”
युवाओं से जुड़ने की कोशिश
AMA सत्र शुरू होने से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर युवाओं को आमंत्रित करते हुए लिखा था कि वे छात्रों और जेन-जी की बात सुनना चाहते हैं और जितने संभव होंगे, उतने सवालों के जवाब देंगे। यह पहल ऐसे समय में हुई है, जब राहुल गांधी हाल के दिनों में छात्रों के मुद्दों, विशेषकर नीट पेपर लीक और छात्र आंदोलनों को लेकर लगातार मुखर रहे हैं। सोशल मीडिया के जरिए युवाओं से सीधे संवाद की यह कोशिश राजनीतिक तौर पर भी अहम मानी जा रही है।

