जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: झांसी जिले के कटेरा थाना क्षेत्र के कंडोर खिरक इलाके में पुलिस की बड़ी कार्रवाई की सूचना सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस और साइबर क्राइम टीम ने देर रात इलाके में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान महिलाओं समेत करीब 300 लोगों को हिरासत में लिए जाने की बात सामने आ रही है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई साइबर क्राइम से जुड़े एक मामले को लेकर की गई। सूत्रों के अनुसार, पूरी कार्रवाई की निगरानी झांसी आईजी द्वारा की गई। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक इस कार्रवाई को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। ऐसे में आधिकारिक पुष्टि और पुलिस के विस्तृत बयान के बाद ही कार्रवाई की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
रात 3 से 4 बजे के बीच हुई कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस की कार्रवाई रात करीब 3 से 4 बजे के बीच शुरू हुई। इलाके में लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन की मदद ली गई। इसके बाद कटेरा क्षेत्र के खिरक कंडोर में पुलिस और साइबर क्राइम टीमों ने एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एसपी, एएसपी और सीओ समेत कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद रही। साइबर क्राइम टीम के अधिकारी भी कार्रवाई में शामिल बताए जा रहे हैं।
फिलहाल हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या, उनकी भूमिका और पुलिस की कार्रवाई के पीछे के पूरे मामले को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किन आरोपों और किस तरह की साइबर गतिविधियों के संबंध में यह कार्रवाई की गई।

