जनवाणी संवाददाता |
मेरठ/सरधना: शनिवार की रात कांवड़ मार्ग गंगनहर पटरी से नानू पुल पर बेकाबू कार ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ही वाहन गंगनहर में समाने से बच गए। वाहन डिवाडर से टकराए। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही वाहनो को पटरी से हटाकर यातायात सुचारू कराया।
नोएडा निवासी प्रतीक कुमार शनिवार की रात होंडा सिटी कार में सवार होकर परिवार के साथ हरिद्वार जा रहा था। इस दौरान वह जैसे ही कांवड़ मार्ग गंगनहर पटरी से होते हुए नानू पुल पर पहुंचे तो अचानक से कार अनियंत्रित हो गई। कार सामने से आ रहे एक ट्रक में जा घुसी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। दोनों ही वाहन गंगनहर में समाने से बच गए। हादसे में प्रतीक समेत तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं हादसे के चलते पटरी पर जाम लग गया। पुलिस ने वाहनों को पटरी से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में घटना की तहरीर दी है।
हाइवे पर टेम्पो सवार व्यक्ति की मौत
सकौती से मेरठ सवारी लेकर जा रहा एक टेम्पो रविवार को अनियंत्रित होकर सीएचसी के सामने सर्विस रोड पर पलट गया। जिस कारण टेम्पो सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और दो घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
मेरठ के 192 दुर्गा भवन लाल कोठी निवासी विक्की 40 वर्ष पुत्र गुलाब रविवार को सकौती से मेरठ जाने के लिए टेम्पो में सवार हुआ था। विक्की के अलावा दो अन्य सवारी भी टेम्पो में सवार थी। सीएचसी के सामने एनएचएआई के ठेकेदार ने सर्विस रोड निर्माण को लेकर गड्ढे खोद दिए थे और उसके बाद मिट्टी भर दी।
रविवार को बारिश होने से मिट्टी बैठ गई। सर्विस रोड से हाइवे ऊंचा होने के कारण टेम्पो चालक अपना संतुलन खो बैठा और टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया। टेम्पो पलटने से विक्की की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस एंबुलेंस की सहायता से विक्की को लेकर अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देकर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम तक परिजनों ने इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी थी। थाना प्रभारी किरनपाल सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

