- मिठ्ठी कुई के पास मुर्गों के अवशेष फेंकने से रोष
जनवाणी संवाददाता |
जलालाबाद: एक ओर जहां बर्ड फ्लू का खतरा मंडरा रहा है, वहीं क्षेत्र में कृष्णा नदी के किनारे मुर्गों के अवशेष डाले जा रहे हैं जिससे लोगों में रोष व्याप्त है। उन्होंने नगर पंचायत पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं।
जलालाबाद क्षेत्र के हसनपुर लुहारी मार्ग पर कृष्णा नदी के किनारे पुल के पास कस्बे के मुर्गा मीट शॉप वाले मुर्गों के अवशेष डाल रहे हैं जिस कारण नदी के किनारे गंदगी का ढेर लग गया है। इन अवशेषों पर चील, कौवे, कुत्ते आदि गंदगी पर टूट पड़ते हैं।
दूसरी ओर गंदगी फैलने से देवता मंदिर, मीठी कुई शिवालय, देव स्थान, गोशाला आदि पर जाने वाले श्रद्धालुओं, खेतों को जाने वाले किसान तथा सुबह-शाम सैर करने वाले व्यक्ति बहुत परेशान हैं। जबकि देश के राजस्थान, मध्य प्रदेश वह अन्य प्रदेशों में बर्ड फ्लू पैर पसार रहा है। इतनी भयंकर बीमारी मंडराते खतरे को देखते हुए भी नगर पंचायत जलालाबाद अनजान बनी हुई है।
नगर के गणमान्य पूरन सिंह, जनेश्वर सैनी, रामसिंह, धर्मवीर, गगन पुंडीर, मोहम्मद असलम, साजिद मलिक, रोमिल मित्तल, नीरज नायक, विशाल सैनी, सचिन सैनी, मोनू कुमार आदि ने अधिशासी अधिकारी से मीट शॉप वालों पर सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है। जिससे दोबारा व कहीं पर भी गंदगी न फैलाएं। इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी विजय आनंद ने बताया कि मुर्गा मीट शॉप वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

