- बावली रेल अंडरपास के पास हुआ हादसा, शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा
जनवाणी संवाददाता |
बड़ौत: बागपत के बड़ौत में ट्रेन की टक्कर लगने से तेंदुए की दर्दनाक मौत हो गई। तेंदुए का शव लहूलुहान हालत में दिल्ली-सहारनपुर रेल लाइन पर पड़ा हुआ मिला है। तेंदुए की मौत होने की सूचना पर वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के भेज दिया। बताया जा रहा है कि तेंदुआ रेलवे लाइन क्रॉस कर रहा था तभी ट्रेन से उसकी टक्कर हो गई। ट्रेन की टक्कर से तेंदुए की मौत हो गई है।
दरअसल, यह घटना बडौत कोतवाली क्षेत्र के बावली रेल अंडरपास के निकट दिल्ली सहारनपुर रेलवे लाइन पर 50/7 पर हुई। जहां एक्सप्रेस ट्रेन टक्कर लगने से तेंदुए की मौत हो गई तेंदुए की उम्र एक से डेढ़ साल बताई जा रही है। वन विभाग की माने तो तेंदुए के मुंह और शरीर में चोट के निशान मिले हैं। मुंह से खून आ रहा है जिसे आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन की टक्कर से उसकी मौत हो गई।
फिलहाल बागपत डीएफओ कल्याण सिंह सहित वन विभाग के कई अधिकारी मौके पर है। वे तेंदुए की मौत की थ्योरी पर पड़ताल कर रहे हैं। डीएफओ कल्याण सिंह ने बताया कि रात 10:30 के आसपास दिल्ली-अजमेर एक्सप्रेस ट्रेन से कटकर इसकी मौत हुई है।
इसके बाद सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अब शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम होने के बाद ही क्लियर हो पाएगा के मौत का क्या कारण है। मादा तेंदुए की मौत से वन विभाग में हड़कंप का माहौल है। तेंदुए की मौत की सूचना पर मेरठ से भी वन विभाग के अधिकारी बागपत के लिए रवाना हो गए हैं। एक साल की मादा तेंदुए की मौत से यह अनुमान लगाया जा रहा है कि तेंदुए का पूरा परिवार आसपास के जंगल मे मौजूद है।

