जनवाणी संवाददाता |
मवाना: मवाना-मेरठ पौड़ी मार्ग पर देर रात पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शराब में प्रयुक्त केमिकल ड्रम से भरे टाटा मैजिक को पकड़ लिया और चालक को हिरासत में लेकर थाने की हवालात में बंद कर दिया। इंस्पेक्टर ने पकड़े गये चालक से पूछताछ करने में जुटी हुई है। वहीं सूचना मिलने के बाद आबकारी टीम भी थाने में पहुंच गई और इंस्पेक्टर से वार्ता की। समाचार भेजे जाने तक कोई पुलिस कार्रवाई नहीं हुई थी।
बुलंदशहर में जहरीली शराब पीने के बाद हुई कई मौत के बाद पुलिस प्रशासन शराब माफियाओं के खिलाफ शिकंजा कसने में जुटा है। देर शाम मवाना मेरठ पौड़ी मार्ग पर गश्त कर रही मवाना और आबकारी पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर टाटा मैजिक का पीछा कर लिया और टाटा मैजिक में भरे शराब में इस्तेमाल होने वाले केमिकल ड्रम समेत गाड़ी को पकड़ लिया और चालक को हिरासत में लेकर थाने ले आए।
पुलिस पकड़े गये चालक से पूछताछ करने में जुटी हुई है। इसी क्रम में आबकारी इंस्पेक्टर आशुतोष दूबे भी मवाना थाना पहुंच गये और मामले की पूर्ण जानकारी के लिए इंस्पेक्टर प्रेमचंद शर्मा से वार्ता की।
हरियाणा मार्का की 25 पेटी पकड़ी
क्षेत्र के गांव करीमपुर में चुनाव के लिए लाई गई छोटा हाथी में हरियाणा मार्का की 25 पेटी शराब रंगे हाथों पकड़ ली। उनकी निशानदेही पर 25 पेटी हरियाणा मार्का की शराब व छोटा हाथी बरामद किया है। थाना प्रभारी शिवदत्त सिंह ने बताया कि रविवार की देर शाम थाना में तैनात उपनिरीक्षक सोनू कुमार, कांस्टेबल राशिद खान के नेतृत्व में क्षेत्र के गांव करीमपुर में गश्त कर रहे थे।
तभी मुखबिर की सूचना पर हरियाणा से मंगाई गई शराब को रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस को देखकर तीन आरोपी भागने में कामयाब हो गए। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम बबलू पुत्र गजे निवासी रानी नंगला थाना हस्तिनापुर, संदीप पुत्र धर्मसिंह निवासी पल्लवपुरम मेरठ, राहुल पुत्र बबली निवासी पल्लवपुरम बताया।
फरार हुए व्यक्तियों के नाम रविंद्र पुत्र रतन सिंह, अरविंद पुत्र सुनील, मनीष पुत्र अज्ञात बताए गए। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पकड़े गए आरोपियों को जेल भेज दिया है। उनकी निशानदेही पर 25 पेटी हरियाणा मार्का की शराब तथा एक छोटा हाथी बरामद किया है।
360 ग्राम गांजे के साथ युवक गिरफ्तार
खरखौदा: बिजली बंबा चौकी क्षेत्र की जमना नगर कालोनी निवासी युवक को थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान 360 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा। थाना प्रभारी निरीक्षक ऋषिपाल शर्मा ने बताया कि उपनिरीक्षक नाजिर व अवधेश कुमार कांस्टेबल आलोक कुमार रविवार की शाम गस्त कर रहे थे। तब उन्हें मुखबिर द्वारा दी गई सूचना मिली कि जमना नगर कालोनी स्थित यामीन मस्जिद के पास गांजा बेचने वाला युवक किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर वहां खड़े जमना नगर कालोनी निवासी दानिश पुत्र मुस्तकीम को हिरासत लिया।
शराब माफियाओं के खिलाफ खादर में चला अभियान
बुलंदशहर हुए जहरीली शराबकांड के बाद पुलिस और आबकारी विभाग सतर्कता बरत था नजर आ रहा है। जिसके मद्देनजर सोमवार को थाना और आबकारी विभाग की टीम ने खादर क्षेत्र में अभियान चलाकर शराब की भट्ठियां और हजारों लीटर लहन नष्ट किया। घंटों चले अभियान में पुलिस के हत्थे कोई शराब माफिया नहीं लगा।
बता दें कि हाल ही में प्रदेश में जहरीली शराब से कई लोगों की मौत हो गई।
जिसके बाद थाना पुलिस और आबकारी विभाग खादर में दहक रही शराब की भट्ठियों पर पूर्ण अंकुश लगाता नजर आ रहा है। इसके तहत सोमवार सुबह कड़कड़ाती ठंड में आबकारी निरीक्षक आशुतोष दुबे व थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने आधा दर्जन थाना पुलिस कर्मी और दर्जन भर से भी अधिक आबकारी विभाग के लोगों के साथ खादर क्षेत्र में अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने वाले लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर हजारों लीटर लहन नष्ट किया।
आबकारी निरीक्षक आशुतोष दुबे ने बताया कि खादर क्षेत्र के रठौरा खुर्द व तारापुर के जंगलों में मौजूद बूढ़ी गंगा में अभियान चलाया गया। साथ ही क्षेत्र के बस्तोरा नारंग आदि गांव के जंगलों में अभियान चलाकर अवैध कच्ची शराब बनाने की दो भट्ठी और लगभग तीन हजार लीटर लहन नष्ट किया गया। उसके बाद कस्बे के देसी शराब के ठेके पर गैर राज्य की शराब की बिक्री के अंदेशे को देखते हुए ठेके की चेकिंग की गई।
जिसमें ठेके पर मानक के अनुसार ही शराब मिली। थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में लगातार अवैध कच्ची शराब का कारोबार करने वाले लोगों की जानकारी के लिए विशेष टीम लगाई गई है और लगातार कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध कच्ची शराब बनाने के कारोबार में संलिप्त व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

