- हादसे में पति व एक अन्य युवक भी चोटिल हुआ
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: पानीपत-खटीमा हाइवे पर औद्योगिक पुलिस चौकी के पास ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला सड़क कर गिरकर गंभीर घायल हो गई। डायल-112 पुलिस ने महिला को शामली सीएचसी में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने सिर में गंभीर चोट आना बताते हुए मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
शामली सदर कोवताली क्षेत्र के गांव लांक निवासी प्रवीण गुरुवार को पत्नी रेणु को बाइक से कैराना के एक चिकित्सक के यहां ले जा रहा था। रास्ते में उनके गांव का ही एक मिस्त्री फुरकान मिल गया जिसे प्रवीण ने बाइक पर बैठा लिया और कैराना की तरफ रवाना हो गए।
बताते हैं कि जब बाइक सवार पानीपत-खटीमा हाइवे पर शामली कोतवाली की औद्योगिक कंडेला चौकी के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक चालक ने बाइक सवारों को चपेट में ले लिया। जिसके चलते महिला सड़क की तरफ गिर गई और प्रवीण व फुरकान भी सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
महिला का सिर रोड पर लगने से वह अचेत हो गई। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने घायलों को शामली सीएचसी में पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने रेणु को मृत घोषित कर दिया।
जबकि घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक महिला अपने पीछे दो छोटी बच्चियों को छोड़ गई है। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

