जनवाणी ब्यूरो |
दिल्लील्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी दिल्ली में 26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली के दौरान मारे गए किसान के परिजनों को सांत्वना देने यूपी के रामपुर जा रही हैं। वह सुबह अपनी कार से दिल्ली से रामपुर के लिए रवाना हुईं। वहीं प्रियंका गांधी के काफिले में चल रही कारें हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर में नेशनल हाईवे-9 फ्लाईओवर पर हादसे का शिकार हो गई।
अचानक ब्रेक लगने से दो से तीन गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हालांकि प्रियंका गांधी की कार को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। बताया जा रहा है कि कार कार्यकर्ताओं की थी। इस दौरान नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
आपको बता दें कि कांग्रेस महासचिव और यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी दिल्ली में 26 जनवरी को ट्रैक्टर परेड के दौरान हादसे में मरने वाले युवक के परिवार से मिलने के लिए रामपुर रवाना हो गई हैं। 27 साल के नवरीत सिंह का ट्रैक्टर पलटने से मौत हो गई थी।
प्रियंका नवरीत के परिवार वालों से मिलने और शोक जताने जा रही हैं। कांग्रेस की ओर दी गई जानकारी के मुताबिक प्रियंका करीब 11.30 बजे नवरीत की शोकसभा में शामिल होंगी। सूत्रों के मुताबिक पहले राहुल गांधी का उनके साथ जाने का कार्यक्रम था लेकिन बृहस्पतिवार को लोकसभा चलने और बहस होने की संभावना के चलते फिलहाल प्रियंका ही जा रही हैं।
Vehicles in Congress leader Priyanka Gandhi's cavalcade collided with each other on Hapur Road; no injuries reported.
She is on her way to Rampur, Uttar Pradesh.
— ANI (@ANI) February 4, 2021
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज रामपुर आएंगी। 26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली के दौरान जान गंवाने वाले किसान नवनीत के परिवार से मिलेंगी।
उल्लेखनीय है कि नवरीत सिंह ऑस्ट्रेलिया पढ़ाई के लिए गए थे और हाल ही भारत लौटकर आए थे। भारत आने के बाद वो दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे किसान आंदोलन में शामिल हो गए थे। उनकी मौत के बाद ऐसी भी खबरें आई थीं कि परिवार को उनके आंदोलन में शामिल होने की जानकारी नहीं थी।
आज नवरीत सिंह का भोग और अंतिम अरदास है। इसमें शिरकत करने के लिए कई नेता पहुंच सकते हैं। प्रियंका गांधी के अलावा रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी के अलावा अन्य कई नेताओं के आने की संभावनाएं जताई जा रही हैं।
एसपी शगुन गौतम ने बताया कि हमें सिर्फ रामगोविंद चौधरी के आने के जानकारी मिली है। प्रियंका गांधी के आने की अधिकृत सूचना हमारे पास नहीं है।

