- मत्स्य ठेकेदारों ने डीएम से शिकातय कर पट्टा नीलामी की जांच की मांग
जनवाणी संवाददाता |
धामपुर: मत्स्य ठेकेदारों ने डीएम से शिकायत कर दस वर्षीय मत्स्य पालन पट्टा नीलामी में धांधली का आरोप लगाया है। आरोप है की राजस्व विभाग ने मत्स्य पालन पट्टा नीलामी की सूचना तो जारी कर दी, लेकिन निर्धारित तिथि पर मत्स्य पालन पट्टे की नीलामी नहीं की गई। आरोप है कि राजस्व विभाग कुछ लोगों की मिलीभगत से अंदर खाने पट्टों की नीलामी करने की जुगत में लगा है।
मत्स्य ठेकेदार लतीफ, ब्रह्मपाल कश्यप, जाकिर अमीरुद्दीन, सरफराज, मेहरबान, शकील, रईस आदि का आरोप है कि एसडीएम कार्यालय ने पांच फरवरी को मत्स्य पालन के ठेकों की नीलामी करने की तिथि निर्धारित की गई थी। भारी संख्या में नीलामी ठेकेदार शुक्रवार को तहसील में एकत्र हो गए।
आरोप है की देर शाम तक भी राजस्व प्रशासन ने नीलामी की प्रक्रिया को पूरा नहीं किया। तमाम ठेकेदार तहसील अधिकारियों के चक्कर लगा कर वापस चले गए। आरोप है कि नीलामी के लिए अगली तिथि भी निर्धारित नहीं की गई।
ठेकेदारों को आशंका है कि तहसील प्रशासन कुछ लोगों की मिलीभगत से गुपचुप तरीके से नीलामी प्रक्रिया को पूरा कराने की जुगत में लगा है। ठेकेदारों ने डीएम से जांच कर मत्स्य पालन के पट्टो की खुली नीलामी कराने की मांग की है। उन्होंने चेताया कि यदि नीलामी खुले तरीके से नहीं हुई तो वह आंदोलन करेंगे। उधर एसडीएम धीरेंद्र सिंह का कहना है कि शीघ्र ही नीलामी प्रक्रिया को पूरा कराया जाएगा।

