- आयुक्त की अध्यक्षता में हरियाणा सीमा विवाद पर हुई एक महत्वपूर्ण बैठक
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: हरियाणा सीमा विवाद निस्तारण पर बैठक की अध्यक्षता करते हुये आयुक्त ने कहा कि सर्वे का काम चल रहा है, सर्वे के उपरांत मौके पर राज्य सीमा की निशानदेही सर्वे आॅफ इंडिया द्वारा किया जायेगा। जिसके लिए व्यय दोनों राज्य सरकारों द्वारा आधा-आधा वहन किया जायेगा। राज्य सरकारों द्वारा सर्वे आफ इंडिया द्वारा किये गये सर्वे पर अपनी सहमति व धनराशि का आवंटन किया जाना है।
आयुक्त अनीता सी मेश्राम ने कहा कि हरियाणा व उत्तर प्रदेश की सीमाओं पर जो भी स्तम्भ लगाये जाये वह मजबूत हो। अगर कहीं भूमि पर मालिकाना हक के लिए किसानो के बीच विवाद हो विशेषकर फसल कटाई के दौरान तो ऐसी स्थिति में अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर समस्या का निस्तारण करायेगे तथा शांति व्यवस्था बनाये रखना सुनिश्चित करेंगे।
सीमा से लगे दोनों राज्यों के जनपदों के अधिकारी अपने अपने राजस्व रिकार्ड का आदान-प्रदान करे। जिन संबंधित जनपदों में नदी या भूमि का विवाद है तो इसको आपस में बैठकर कार्य-योजना बनाकर सुलझाये तथा दीक्षित अवार्ड में उल्लिखित विवरणों का भी उपयोग करे।
आयुक्त ने बताया कि विषम नम्बर के स्तम्भ हरियाणा व सम नम्बर के स्तम्भ सरकार द्वारा लगाये जायेंगे। उन्होंने बताया कि हरियाणा प्रदेश की सीमाएं उत्तर प्रदेश के जनपद सहारनपुर, शामली, बागपत, गौतमबुद्धनगर व अलीगढ़ से लगती है।
वहीं, हरियाणा राज्य के छह जनपद जिसमें यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद व पलवल है, की सीमाएं राज्य से लगती है। यमुना नदी हरियाणा व राज्य की सीमा को निर्धारित करती है। जो भी स्तम्भ लगाये जाये वह मजबूत हो। उन्होंने सीमा से लगे ग्रामों की खतौनियां बनवाने के कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने के लिए कहा।
अपर आयुक्त रजनीश रॉय ने बताया कि हरियाणा सीमा से लगने वाले उत्तर प्रदेश राज्य के जनपदों के ग्रामों में जनपद सहारनपुर के 34 ग्राम, शामली के 32 ग्राम, बागपत के 27 ग्राम, गौतमबुद्धनगर के 32 ग्राम व अलीगढ़ के सात ग्राम कुल 132 ग्राम है।
वहीं, हरियाणा प्रदेश के उत्तर प्रदेश की सीमा से लगने वाले ग्रामों में सहारनपुर जनपद से लगने वाले जनपद करनाल हरियाणा के 16 ग्राम, शामली से लगने वाले जनपद पानीपत के 13 ग्राम व जनपद करनाल के 17 ग्राम, बागपत सीमा से लगने वाले जनपद सोनीपत के 17 ग्राम व पानीपत के सात ग्राम, गौतमबुद्धनगर से लगने वाले जनपद पलवल के 15 ग्राम व फरीदाबाद के 10 ग्राम तथा अलीगढ़ सीमा से जनपद पलवल के सात ग्राम कुल 102 ग्राम है।
इस अवसर पर अपर आयुक्त रजनीश रॉय, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सहारनपुर हिमांशु नागपाल, अपर जिलाधिकारी वित्त शामली अरविन्द कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त बागपत अमित कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन गौतमबुद्धनगर दिवाकर सिंह, उप जिलाधिकारी खैर अलीगढ़ अंजनी कुमार सिंह सर्वे आॅफ इंडिया से गौरव कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी रहे।

