- संदिग्ध कागज मिले, व्यापारी को ले गए अपने साथ
- फर्जी बिलों के आधार पर करोड़ों की टेक्स चोरी का मामला
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: शनिवार सुबह दिन निकलते ही आईजीएसटी टीम ने नईमंडी थाना क्षेत्र के मोहल्ला सुरेन्द्रनगर में एक व्यापारी के आवास पर छापा मारा। टीम ने व्यापारी के घर को साढे चार घंटे तक घर को खंगाला। टीम की छापेमारी की सूचना पर व्यापारी नेता भी मौके पर पहुंच गए।
टीम ने व्यापारी से पूछताछ करते हुए मौके से अनेक महत्वपूर्ण साक्ष्य अपने कब्जे में ले लिये। टीम पूछताछ के बाद व्यापारी को अपने साथ ले गई। बताया मामला करोडो रुपये की कर चोरी से जुड़ा हुआ है।

थाना नई मंडी क्षेत्र के मौहल्ला सुरेंद्रनगर निवासी व्यापारी प्रदीप जैन कांग्रेस नेता और बडे व्यापारी हैं, जो पहले कली चूने का व्यापार करते थे, अब बिल बनाने का व्यापार करते है। शनिवार सुबह लगभग 6 बजे गुडगांव से सेंट्रल जीएसटी की टीम उनके आवास पर पहुंची और गेट खुलवाना चाहा, उनके परिजनों ने गेट नहीं खोला।
इस दौरान पुलिस ने घर को चारों तरफ से घेर लिया, तभी व्यापारी ने घर के पीछे के रास्ते से दीवार लांघकर भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे टीम ने दबोच लिया और मेन गेट खुलवाकर घर की तलाशी ली तथा जरुरी कागजों को अपने कब्जे में ले लिया तथा कुछ लेपटाप व कम्प्यूटर भी कब्जे में लेकर व्यापारी को भी साथ लेकर वापस लौट गई। बताया जाता है कि मामला वैट के समय का है।
व्यापारी ने कई फर्म बनाकर वैट में गड़बड़ी की थी। कई स्टाफ के नाम से फर्म बनाकर वैट की वसूली की थी, जिसके बारे में विभाग को शिकायत मिली थी और विभाग पहले से ही कार्यवाही कर रहा था। अब जीएसटी लागू होने पर भी फर्जी बिल जारी करने का आरोप है, जिसके बारे में ही व्यापारी को हिरासत में लिया गया है।
इस मामले में शहर की चार फैक्ट्री भी जांच के दायरे में आई है, जिनके कुछ कागजात भी अफसरों के हाथ लगने की बात बताई जा रही है। बताया यह जा रहा है कि व्यापारी नकली बिल बनाकर जीएसटी की लाखों रुपए की चोरी कर रहा था इसी मामले में उसकी गिरफ्तारी जीएसटी टीम ने की है। बहरहाल छापेमारी के दौरान कोई भी जीएसटी का अधिकारी बोलने के लिए तैयार नहीं हुआ।
छापेमारी से व्यापारियों में मच गया हड़कम्प
अचानक गुड़गांव यूनिट जीएसटी की टीम की मुजफ्फरनगर में हुई छापेमारी से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। चूने व्यापारी के घर हो रही छापेमारी के बाद नगर के अनेक व्यापारी हरकत में आ गये और उन्होंने अपने बिलों को दुरूस्त करने के साथ ही संदिग्ध कागजों को ठिकाने लगा दिया। सूत्रों की मानें तो नगर में बड़ी संख्या में जीएसटी चोरी का मामला चल रहा है। जीएसटी टीम की छापेमारी के बाद टेक्स चोरी करने वाले अनेक व्यापारियों में खौफ छाया रहा। इस तरह के व्यापारियों ने उस समय राहत की सांस ली, जब जीएसटी टीम वापिस लौट गई।