जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोरोना वैक्सीन टीकाकरण का तृतीय चरण आज प्रारंभ हुआ। लाला लाजपत रॉय स्मारक मेडिकल कालेज में टीकाकरण के तीसरे चरण का शुभारंभ सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने फीता काटकर किया। वहीं, आयुक्त अनीता सी मेश्राम व डीएम के. बालाजी ने टीकाकरण अभियान का निरीक्षण एलएलआरएम मेडिकल कालेज व अन्य अस्पतालों में किया। सांसद ने एलएलआरएम मेडिकल कालेज में कोरोना का टीका भी लगवाया।

सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने कहा कि कोरोना महामारी के नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य हुआ है। उन्होंने वहां कोरोना का टीका भी लगवाया। उन्होंने कहा कि कोरोना का टीका पूरी तरह से सुरक्षित है व असरदायक है। आयुक्त अनीता सी मेश्राम ने प्रत्येक लोकेशन पर बनाये गये तीनों कक्षों वेटिंग रूम, सेपरेट वैक्सीनेशन रूम व आर्ब्जरवेशन रूम का निरीक्षण किया। महाराष्ट्र व केरल में कोरोना के मरीजों में बढ़ोतरी देखी गयी है।
जनपद में अभी कोरोना के पॉजिटिव मरीजों में कमी आयी है, लेकिन सावधानी व सतर्कता बनाये रखना अत्यंत आवश्यक है। डीएम के. बालाजी ने एलएलआरएम मेडिकल कालेज व अन्य अस्पतालों का निरीक्षण कर वहां की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया व आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

उन्होने वैक्सीनेटर कार्ड व सुपरविजन फार्म भी देखा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वह मास्क का उपयोग अवश्य करें, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें व नियमित अंतराल पर हाथ धोये या सैनिटाइजर लगाये। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि तृतीय चरण में 60 वर्ष आयु से ऊपर के व्यक्तियों को कोरोना वैक्सीन लगायी जायेगी जनपद में इस के लिए एक लाख 63 हजार का लक्ष्य रखा गया है।
45 से 59 वर्ष आयु के ऐसे व्यक्ति जिनको अन्य बीमारियां (कोमार्बिडिटीज) है उनको भी टीका लगाने के निर्देश है। इस अवसर पर सीएमओ डा. अखिलेश मोहन, अपर निदेशक स्वास्थ्य डा. रेनू गुप्ता, डा. अशोक तालियान सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी व अधिकारी उपस्थित रहे।

