- शिविर के माध्यम से छात्राओं में व्यक्तित्व का विकास होता है
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: रमा जैन कन्या महाविद्यालय के पांच दिवसीय निपुण रेंजर शिविर के समापन पर प्रतिभागियों ने टेंट एवं पुल का निर्माण कर अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि स्काउट कमिश्नर शबाना परवीन ने कहा कि शिविर बालिकाओं के लिए एक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम है। शिविर के माध्यम से छात्राओं में आत्मविश्वास अनुशासन एवं व्यक्तित्व का विकास होता है।
सोमवार को महाविद्यालय परिसर में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में विशिष्ट अतिथि एमडीएस के प्रधानाचार्य अनुपम माहेश्वरी ने कहा कि विपरीत परिस्थिति में धैर्य बनाए रखना तथा देश की सेवा करने की शिक्षा इस शिविर के माध्यम से मिलती है।
निदेशक डॉ केसी मठपाल ने कहा कि रेंजर्स प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से अनुशासित व दूरदर्शिता का बोध कराता है। समापन कार्यक्र्म में प्रतिभागियों द्वारा निर्मित टेंट व पुल का निरीक्षण महाविद्यालय के निदेशक डॉ केसी मठपाल, प्राचार्या डॉ दीप्ति गुप्ता, मुख्य अतिथि शबनम परवीन, प्रधानाचार्या नजीबुदौला गर्ल्स इंटर कॉलेज, स्काउट गाइड कमिश्नर उदय राज, विशिष्ट अतिथि अनुपम माहेश्वरी ने किया।
रेंजर्स लीडर डॉ सविता वर्मा के निर्देशन में पांच दिवसीय शिविर के अंतिम दिन छात्राओं ने अलग-अलग टोली बनाकर अलग-अलग टेंट का निर्माण किया। रेंजर्स प्रशिक्षक पुष्पा चौहान ने छात्राओं को गांठ बांधना, प्राकृतिक चिकित्सा,आपदा प्रबंधन, पुल बनाना, टेंट निर्माण करना, रात्रि में तारों के द्वारा दिशाओं का ज्ञान करना, बिना बर्तनों के खाना बनाना, आग बुझाना, विपरीत परिस्थितियों में अपने साथ-साथ दूसरे लोगों का भी बचाव करना, आदि का प्रशिक्षण दिया।
छात्रा सुमायला परवीन, अंजलि, निकिता, सूबिया, हिमानी, मुस्कान, पल्लवी, सरिता आदि तमाम छात्राओं ने भाग लिया। छात्रा सुमायला, खुशी श्रीवास्तव को बेस्ट कार्यकर्ता चुना गया। टेंट लगाने वालों में टोली नंबर 3 सूरजमुखी प्रथम, निपुण वर्ग में लिली टीम द्वितीय रही। कार्यक्रम में डॉ मृदुला त्यागी, भावना अरोड़ा, रत्ना गर्ग, ज्योति पाल, दीप्ति माहेश्वरी, नीतू तिवारी, पूनम आदि शामिल रहे। संचालन डॉ सविता वर्मा ने किया।

