- मंत्री बोले, शाकुम्भरी देवी पीठ के लिए दिए 40 करोड़
वरिष्ठ संवाददाता |
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि-प्रदेश सरकार ने बिना किसी भेदभाव के चैतरफा विकास किया है। सहारनपुर की जनता के लिए विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूर्ण कर धन आवंटन किया।
वुड कार्विंग को बढ़ावा देने के लिए एक जनपद एक उत्पाद योजना के अंतर्गत पिलखनी में हैण्डीक्राफ्ट डवलपमेंट केन्द्र की स्थापना के लिए 10 करोड़ की धनराशि प्रदान की। शहर के लोगों को जाम से मुक्ति दिलाने के साथ बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान के लिए बाईपास का निर्माण किया गया।
शाकुम्भरी देवी स्थल को एक तीर्थ एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए 40 करोड़ की व्यवस्था की गयी है। किसानों की आय में वृद्धि के लिए कम्पनी बाग में सेन्टर आॅफ एक्सीलेन्स फॉर फूड एण्ड वेजिटेबिल के लिए 12 करोड़ रुपए की व्यवस्था की गयी। उन्होंने दिव्यांगजन विभाग को बेहतर कार्य कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बधाई दी।

प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने योगी आदित्यनाथ की सरकार के 4 वर्ष पूरे होने पर जनमंच सभागार में आयोजित कार्यक्रम में ये बातें कहीं। मंत्री ने कहा कि सरकार ने गन्ना किसानों का गत वर्ष का शत-प्रतिशत भुगतान के साथ वर्तमान सत्र का भी 288 करोड़ रुपए का भुगतान करने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि जनपद को बेहतर विद्युत व्यवस्था प्रदान करने के लिए 10 हजार से ज्यादा ट्रांस्फार्मरों का प्रतिस्थापन किया गया है। आज शहरों की तरह ही गांव में भी विद्युत व्यवस्था सुचारु करने के लिए 18 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। योगी सरकार में सहारनपुर शहर को स्मार्ट बनाने के लिए भी 119 करोड़ रुपए का आवंटन किया गया है।
उन्होंने कहा मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को भी आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनके सम्मान की रक्षा एवं सुरक्षा हेतु प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। प्रभारी मंत्री ने इस अवसर पर सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा निर्मित विधनसभावार विकास पुस्तिका का विमोचन किया।
इसके उपरांत गांधी पार्क में लगी दिव्यांगजन विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केन्द्र, गन्ना विकास विभाग, आयुष विभाग, जिला उद्यान विभाग, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आविका मिशन, बाल विकास एवं सेवा पुष्टाहार आदि विभागों की प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन किया।
इस अवसर पर महापौर संव वालिया, विधायक रामपुर मनिहारान देवेन्द्र निम, गंगोह किरत सिंह, देवबन्द कुंवर बृजेश, पूर्व सांसद राघव लखनपाल, पूर्व विधायक राव गुम्बर, महावीर राणा, रविन्द्र मोल्हू, जिलाध्यक्ष भाजपा डॉक्टर महेन्द्र सैनी, नगर अध्यक्ष राकेश जैन जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजपाल सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण और गणमान्य नागिरकों ने भाग लिया।

