- आदर्श मंडी के गांव सिलावर में देर रात हुई थी घुड़चढ़ी
जनवाणी संवाददाता |
शामली: आदर्श मंडी के गांव सिलावर में शनिवार रात को हो रही घुडचढ़ी डांस करते हुए एक युवक ने हर्ष फायरिंग कर दी। जिसमें घोड़ी वाले युवक को पेट में गोली लग गई। शामली से रैफर के बाद मेरठ में उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। जबकि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

आदर्शमंडी थाना क्षेत्र के गांव सिलावर में शनिवार की रात को गांव निवासी सागर पुत्र संजू घुडचढ़ी का कार्यक्रम चल रहा था। रात में करीब 11 बजे गांव के ही गुल्लू पुत्र सुरेन्द्र डांस कर रहा था। इस दौरान युवक ने तमंचे से हर्ष फायरिंग कर दी। जिसमें एक गोली घोड़ी वाले युवक सोनू पुत्र मलखान को गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने आनन-फानन में घायल सोनू को शामली के नर्सिंग होम में भर्ती कराया जहां से गंभीर हालत में उसे रैफर कर दिया गया। इसके बाद घायल को मेरठ ले जाया गया जहां सुबह चार बजे सोनू ने दम तौड दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। वहीं पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
वहीं परिजनों ने गुडडू को नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ आदर्श मंडी थाने में तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। उधर रविवार दोपहर तक भर शव का पोस्टमार्टम न कराए जाने पर परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर हंगामा भी किया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
गांव सिलावर में घुडचढ़ी के दौरान हर्ष फायरिंग में एक युवक को गोली लगी है, जिसमें घायल की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दबिशें डाली जा रही हैं। -ओपी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक

