- त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव शांति पूर्वक संपन्न कराने के निर्देश
जनवाणी संवाददाता |
शामली: त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2021 को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से कराए जाने को लेकर कलक्ट्रेट के सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी जसजीत कौर ने उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी जसजीत कौर ने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2021 को सकुशल संपन्न कराना हम सबकी जिम्मेदारी है। इसलिए जिस अधिकारी को सामान्य निर्वाचन 2021 को सकुशल संपन्न कराने हेतु जो दायित्व सौंपे गए हैं।
वह उनका निर्वाहन प्राथमिकता के आधार पर करते हुए पूरी मुस्तैदी के साथ निर्वाचन प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराएं।इसके अलावा जिलाधिकारी ने मतदान कार्मिकों, वाहनों की व्यवस्था, पोलिंग स्टेशन सहित आचार संहिता का शत-प्रतिशत रुप से पालन कराए जाने के कड़े निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा यह भी निर्देश दिए कि सभी पोलिंग स्टेशनों पर बिजली पानी एवं कमरों के खिड़की एवं गेट आदि की व्यवस्था को देख कर पहले से ही दुरुस्त कर लें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शंभू नाथ तिवारी, अपर जिलाधिकारी अरविंद कुमार सिंह, परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी, कृषि उप निदेशक शिव कुमार केसरी, जिला विकास अधिकारी प्रमोद कुमार सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

