जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: मनप्रीत सिंह ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना के खिलाफ अगले महीने वाले एफआईएच (अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ) प्रो लीग मैचों में भारतीय टीम की अगुवाई करेंगे। मनप्रीत निजी कारणों से हाल में यूरोप दौरे पर नहीं गए थे। अनुभवी ड्रैग फ्लिकर रूपिंदर पाल सिंह और वरुण कुमार की भी टीम में वापसी हुई है। वे चोटिल होने के कारण पिछले दौरे पर नहीं जा पाए थे।
हॉकी इंडिया ने 22 सदस्यीय टीम घोषित की है जो ब्यूनस आयर्स में 11 और 12 अप्रैल को अर्जेंटीना का सामना करेगी। भारत इसके अलावा 13 और 14 अप्रैल को अभ्यास मैच भी खेलेगा। टीम में गोलकीपर पीआर श्रीजेश, कृष्ण बहादुर पाठक, अमित रोहिदास, गुरिंदर सिंह, सुरेंद्र कुमार, बीरेंद्र लकड़ा, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, राज कुमार पाल, नीलकांत शर्मा, शमशेर सिंह, गुरजंत सिंह, दिलप्रीत सिंह, मनदीप सिंह और ललित कुमार उपाध्याय भी शामिल हैं।

