जनवाणी संवाददाता |
बागपत: कोतवाली पुलिस ने बुधवार की देर रात दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर नैथला मोड़ से चेकिंग के दौरान 15 पेटी हरियाणा मार्का अवैध शराब पकड़ी है। इस दौरान शराब तस्कर भागने में सफल रहा। शराब तस्कर की तलाश की जा रही है। पुलिस ने शराब को अपने कब्जे में लेकर कार को सीज कर दिय है।
कोतवाली प्रभारी के अनुसार बुधवार की देर रात पुलिस दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर नैथला मोड़ के निकट वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वहां पर एक डस्टर कार पहुंची। पुलिस ने चालक का रूकने के लिए इशारा किया लेकिन चालक कार को मौके पर ही छोड़कर भाग निकला। पुलिस के अनुसार तलाशी लेने पर कार से 15 पेटी हरियाणा मार्का अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को अपने कब्जे में लेकर कार को सीज कर दिया है। पुलिस शराब तस्कर की तलाश कर रही है।
खेकड़ा पुलिस ने 24 पेटी अवैध शराब पकड़ी
थाना खेकड़ा पुलिस आबकारी विभाग की टीम ने चेकिंग के दौरान फखरपुर बैरियर से 24 पेटी(1135 पव्वे) अरूणांचल प्रदेश मार्का अंग्रेजी शराब पकड़ी है। यह शराब हरियाणा से तस्करी कर लायी गई थी। पुलिस के अनुसार यह शराब पंचायत चुनाव में वितरित की जानी थी।
पुलिस ने शराब को अपने कब्जे में लेकर कार को सीज कर दिया है। इस दौरान पुलिस ने दो शराब तस्करों सोनीपत निवासी प्रदीप व जितेंद्र को गिरफ्तार किया है। शराब तस्करों को जेल भेजने के लिए थाना खेकड़ा पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा बड़ौत व थाना छपरौली क्षेत्र में भी शराब पकड़े जाने की सूचना है।

