- बिना मास्क लगाए उम्मीदवारों को एसडीएम ने हड़काया
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को देखते हुए खंड विकास कार्यालय नजीबाबाद में दूसरे दिन भी नामांकन पत्र जमा करने के लिए प्रत्याशियों की लाइन लगी हालांकि दूसरे दिन कम उम्मीदवार फार्म जमा करने पहुंचे।
गुरुवार को नामंकन का अन्तिम दिन होने के कारण शेष प्रत्याशी जिन्होंने पहले दिन पर्चा नहीं भरा था वे गुरुवार को पहुंचे।नामांकन फार्म जमा करने आए सभी उम्मीदवारों को कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन करते हुए प्रशासन ने नामांकन पत्र जमा करने के कड़े निर्देश दिए इसके बाद भी जो लोग मास्क का प्रयोग करते हुए और सोशल डिस्टेंस करते हुए नहीं दिखे उन्हें एसडीएम ने जम कर हड़काया।
गुरुवार को ब्लॉक नजीबाबाद में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र जमा करने के लिए सुबह से ही लाइन में लगे नजर आए। तहसील नजीबाबाद में 131 ग्राम पंचायत के लिए ग्राम प्रधान पद, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 1689 पदों पर,क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 176 पदों पर 1100 उम्मीदवारों ने नामांकन कराया था। गुरुवार को कम भीड़ देखी गयी। कोविड 19 गाइड लाइन का प्रयोग नहीं करने वालों को एसडीएम ने नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
एसडीएम नजीबाबाद परमानंद झा ने बताया कि चुनाव के लिए नामांकन पत्र जमा करने वालों की सोशल डिस्टेंस व मास्क लगे होने का मौके पर निरीक्षण भी किया। एसडीएम परमानंद झा ने बताया वर्तमान में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को देखते हुए आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू है।
उन्होंने कहा सभी उम्मीदवारों को निर्देशित किया गया है कि सभी आदर्श चुनाव आचार संहिता,धारा 144, व कोविड-19 का पालन करें।उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायतें आ रहीं है कि कई उम्मीदवार गोल बनाकर मतदाताओं को लुभाने का प्रयास कर रहे हैं। इसलिए कोई भी प्रत्याशी मतदाताओं के घरों पर समूह में पाया गया तो उसके खिलाफ धारा 144, आचार संहिता उल्लंघन करने, व कोविड अधिनियम के अंतर्गत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

