जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: मनोरंजन जगत से पिछले काफी समय से सेलेब्स के कोरोना संक्रमित होने की खबर सामने आ रही है। हालांकि इसी बीच कुछ ऐसे सितारे भी हैं जो कोरोना को मात देकर ठीक भी हो गए हैं। इन सितारों के कोरोना निगेटिव होने की खबर फैंस को राहत देने वाली है।
हाल ही में गरीबों के मसीहा सोनू सूद का नाम भी इसमें शामिल हो गया है। सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर अपने कोरोना निगेटिव होने की जानकारी दी है।
बता दें कि सोनू सूद ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा की है जिसमें वो मास्क पहने नजर आ रहे हैं। साथ ही उन्होंने अपने दोनों हाथों से साइन बनाया है जिसपर निगेटिव लिखा है। उनके कोरोना निगेटिव होने की खबर से फैंस के बीच खुशियां छा गई हैं।
बता दें कि कुछ दिनों पहले ही सोनू सूद ने ट्वीट कर खुद के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी थी। सोनू सूद ने ट्वीट कर लिखा था कि, ‘नमस्कार दोस्तों, मैं आपको सूचित करना चाहता हूं कि COVID-19 का मेरा टेस्ट पॉजिटिव आया है। इसलिए मैंने खुद को क्वारंटीन कर लिया है। चिंता की कोई बात नहीं है। मैं अपना ख्याल रख रहा हूं। चिंता मत लीजिए इससे मुझे आपको मदद करने के लिए और समय मिल गया है। याद रखिए मैं हमेशा आपके साथ हूं।’
हालांकि संक्रमित होने के बाद भी उनके मदद करने का सिलसिला नहीं रुका था। उन्होंने कई लोगों को बेड उपलब्ध करवाया था। इतना ही नहीं उन्होंने एक ट्वीट किया था जो लोगों को काफी पसंद आया था। सोनू सूद ने ट्वीट किया कि, ‘टीवी रिमोट छोड़िए,देश को जोड़िए।
दूसरे की जान बचाएंगे, तभी तो जी पाएंगे।’ दरअसल, सभी लोग अपने-अपने घरों में बैठकर टीवी पर कोरोना महामारी से बिगड़े हालातों का जायजा लेकर सोशल मीडिया पर लगातार पोस्ट कर रहे हैं। ऐसे में सोनू सूद ने दूसरे लोगों से भी अपील की थी कि इस महामारी के दौर में लोग मदद करने के लिए आगे आएं।

