जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: भारतीय मुक्केबाज सचिन (56 किग्रा) ने शुक्रवार को पोलैंड के किलसे में चल रही युवा विश्व चैंपियनशिप में देश को ऐतिहासिक आठवां स्वर्ण पदक दिलाया। एक दिन पहले सात महिला मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात स्वर्ण अपनी झोली में डाले थे। सचिन ने कजाखस्तान के येरबोलाट साबिर को
4-1 से शिकस्त दी। भारतीय मुक्केबाज ने अच्छी शुरूआत की और उनके जवाबी हमले काफी प्रभावी रहे लेकिन कजाखस्तान के मुक्केबाज ने शुरूआती राउंड 3-2 से जीत लिया।
इसके बाद सचिन ने दूसरे राउंड में हमले तेज कर दिए और सही जगह पड़े मुक्कों ने उन्हें अंक दिलाए। लेकिन तीसरे राउंड में सचिन ने शानदार तरीके से साबिर को पस्त कर जीत हासिल की। भारत ने इस तरह अपने अभियान का अंत 11 पदक से किया जिसमें आठ स्वर्ण और तीन कांस्य पदक शामिल थे।
इससे भारत तालिका में शीर्ष स्थान पर रहा। भारत ने टूर्नामेंट के 2018 चरण में दो स्वर्ण, दो रजत और छह कांस्य पदक जीते थे। गुरुवार को गीतिका (48 किग्रा), बेबीरोजिसाना चानू (51 किग्रा), पूनम (57 किग्रा), विन्का (60 किग्रा), अरूंधति चौधरी (69 किग्रा), थोकचोम सानामाचू चानू (75 किग्रा) और अलफिया पठान (81 किग्रा से अधिक) ने स्वर्ण पदक जीते।

