- दो दिन के लॉकडाउन और साप्ताहिक बंदी के कारण फैक्टरी में नहीं था कोई भी मजदूर
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव शोभापुर के पास मंगलवार को एक फैक्टरी में सिलेंडर फटने से आग लग गई। गनीमत यह रही कि उस दौरान फैक्टरी में एक भी मजदूर नहीं था। जिस कारण एक बड़ा हादसा होने से टल गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों रुपये का नुकसान हो चुका था।
थाना रोहटा क्षेत्र के गांव अमानुल्लापुर के रहने वाले हरवीर सिंह की शोभापुर स्थित ओम लक्ष्मी ट्रेडर्स के नाम से फैक्टरी है। फैक्टरी में सोया चाप बनाने का कार्य होता है। फैक्ट्री संचालक हरवीर सिंह ने बताया कि शनिवार व रविवार को लॉकडाउन व सोमवार को पंचायत चुनाव होने के कारण फैक्टरी में मजदूर नहीं थे।
मंगलवार को अचानक फैक्टरी में रखा सिलेंडर फट गया, जिस कारण फैक्टरी में भीषण आग लग गई। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। इसके बाद ग्रामीणों ने फैक्टरी से धुआं निकलते देख मामले की जानकारी कंकरखेड़ा पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन, तब तक लाखों रुपये का नुकसान हो चुका था। वहीं थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

