- बैरिकेडिंग लगा चेकिंग कर रही पुलिस, फिर भी नहीं हो रहा लॉकडाउन का पालन
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: लॉकडाउन में जिला प्रशासन की गाइड लाइन का पालन कराने के लिए पुलिस शहर में जगह-जगह चेकिंग अभियान चला रही है। इसके बावजूद शहर की सड़कों पर वाहन दौड़ रहे है। पुलिस की सख्ती का लोगों पर कोई खास असर नहीं दिखाई दें रहा है।
हालांकि पुलिस ने हापुड़ रोड पर दो जगहों पर बैरिकेडिंग लगा रखी है और दिनभर चेकिंग अभियान चलता रहता है। लेकिन फिर भी लोग घरों से बाहर निकलने से बाज नहीं आ रहे है। ऐसे में कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ना नामुमकिन लग रहा है।

कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए प्रशासन ने जहां जिलेभर में 17 मई तक लॉकडाउन लगा रखा है। वहीं लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के लिए जिला पुलिस भी दिन-रात सड़कों पर पहरा दे रही है। लेकिन इसके बावजूद लोगों का आवागमन बंद नहीं हो रहा है।
यही नहीं लोग भी गली-मोहल्लों में जमावड़ा लगाकर बैठे रहते है। वहीं प्रशासन द्वारा सुबह के समय दी गई तीन घंटे की छूट का आलम ऐसा रहता है कि जरुरत का सामान खरीदने के लिए लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना तक भूल जाते है और बाजारों में बिना मास्क के भी लोग दिखाई देते है।

हालांकि पुलिस सख्ती के नाम पर हापुड़ रोड पर इंद्राचौक व हापुड़ अड्डा चौराहे पर बैरिकेडिंग लगाकर दिनभर चेकिंग करती है। लेकिन यह चेकिंग केवल खानापूर्ति ही साबित हो रही है। यदि बात मंगलवार की करें तो हापुड़ रोड स्थित हाशिमपुरा चौकी के पास सीओ सिविल लाइन बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
वहीं हापुड़ अड्डा चौराहे पर लिसाड़ी गेट इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल अपनी टीम के साथ बैरिकेडिंग लगाकर दो व चार पहिया वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसके बावजूद हापुड़ रोड पर जगह-जगह गलियों के कोनों पर लोगों की भीड़ जमा थी। जिन पर न तो पुलिस की कोई रोकटोक है और न ही इन लोगों को किसी का खौफ है। लोगों की इस लापरवाही से लगता है कि कोरोना संक्रमण का इन पर कोई खौफ नहीं है।

