- कहा, किसान राजनीति और रालोद के लिए चुनौतीपूर्ण दौर
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रोफेसर सुधीर पंवार ने कहा कि जयंत चौधरी ने ऐसे समय राष्ट्रीय लोकदल की बागडोर संभाली है, जब किसान राजनीति और रालोद चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं।
मंगलवार को सपा के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर सुधीर पंवार ने कहा कि जयंत चौधरी उस समय पार्टी की बागडोर संभाल रहे है, जब किसान राजनीति और राष्टÑीय लोकदल अपने सबसे चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं। मोदी सरकार द्वारा पारित नए कृषि कानूनों के विरोध में किसान 6 महीनों से धरने पर बैठे हैं। किसान पूरे देश में किसान आन्दोलन कर रहे है।
कोरोना के कारण ग्रामीण अर्थव्यवस्था बरबादी के कगार पर हैं। युवाओं में बेरोजगारी उच्चतम स्तर पर है। उन्होंने कहा कि जयन्त चौधरी द्वारा समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन एवं किसान आन्दोलन में सक्रिय भूमिका निभाने से किसानों एवं रालोद समर्थकों को उनसे बहुत उम्मीदें है।
सपा जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी ने कहा कि जयंत चौधरी से किसानों का युवा वर्ग बहुत प्रभावित है, वह उनके सहज व्यवहगर के कारण उनसे जुड़ाव महसूस करता है। जिला उपाध्यक्ष जावेद जंग ने कहा कि जयन्त चौधरी अपने बुजुर्गों की तरह ही हिन्दू-मुस्लिम एकता में विश्वास रखने वाले पढ़े लिखे नौजवान नेता है। उनके नेतृत्व में राष्टÑीय लोकदल एवं समाजवादी पार्टी का गठबंधन मजबूत बनकर उभरेगा।

