- जिविनि ने वर्चुअल मीटिंग में प्रधानाचार्यों को दिए दिशा-निर्देश
- 105 विद्यालयों में 9 से 12 तक कक्षाएं आनलाइन संचालित
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह ने बताया कि जनपद शामली के माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक/शिक्षिकाओं द्वारा आनलाइन कक्षाओं का विधिवत संचालन किया जा रहा है। जनपद के समस्त 105 विद्यालयों में आनलाइन कक्षाओं का संचालन प्रारंभ कर दिया गया है।
मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह ने पठन-पाठन के सम्बन्ध में गूगल मीट पर जनपद शामली के समस्त प्रधानाचार्यों की आनलाइन मीटिंग ली। जिसमें प्रधानाचार्यों को आनलाईन पठन-पाठन के सम्बन्ध में विस्तार से अवगत कराया।
उक्त मीटिंग में गूगल मीट के माध्यम से आरपी शर्मा संयुक्त शिक्षा निदेशक सहारनपुर मंडल सहारनपुर द्वारा प्रतिभाग किया गया एवं प्रधानाचार्यों को आनलाईन शिक्षा के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जनपद में 20 मई से सभी माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा-09 से कक्षा 12 तक के सभी विद्यार्थियों के लिए आॅनलाइन पठन-पाठन की व्यवस्था प्रारंभ की गई है।
जिनमें विषय अध्यापक जूम एप्प, गूगल मीट, व्हाट्सएप्प ग्रुप के माध्यम से कक्षाएं ले रहे है। आनलाइन कक्षाओं को विधिवत संचालित कराने के लिए डा. अमित मलिक प्रधानाचार्य चौधरी मानसिंह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कंडेला का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिन विद्यालयों में विषय अध्यापक नही है उनके लिए विशेष आनलाइन कक्षाओं की व्यवस्था की गई है। शासन के आदेशानुसार ई-ज्ञान गंगा, माध्यमिक शिक्षा परिषद् के अधिकृत यू-ट्यूब चैनल, स्वमंप्रभु चैनल के वीडियोज को भी छात्र-छात्राओ को उपलब्ध कराया जा रहा है।
पठन-पाठन की यह प्रक्रिया सप्ताह में सोमवार से शुक्रवार तक की जा रही है तथा प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि प्रत्येक शनिवार को विषय अध्यापक छात्र-छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान आनलाइन करेंगे।

