- माध्यमिक शिक्षक संघ ने मृत शिक्षकों की याद में रखा उपवास
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के आह्वान पर पूरे प्रदेश में शिक्षकों ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कोरोना संक्रमण की वजह से मौत के मुंह में चले गए साथियों के शौक में उपवास रखा तथा आठ सूत्रीय मांग पत्र मुख्यमंत्री को भेज कर मृतक शिक्षकों के परिजनों के आश्रितों को नौकरी वह एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता देने की मांग की।
शामली में माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष विनेश त्यागी के नेतृत्व में जिले भर के शिक्षकों ने 11 बजे से तीन बजे तक उपवास रखा। इस दौरान वर्चुअल मीटिंग के दौरान जिलाध्यक्ष विनेश त्यागी ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान मृतक शिक्षक उनके परिवार के सदस्य थे, इसलिए उनकी मदद के लिए संगठन हर स्तर पर प्रयास करेगा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान माध्यमिक शिक्षक संघ ने सरकार व निर्वाचन आयोग से बार-बार पंचायत चुनाव टाले जाने की अपील की लेकिन सरकार अपनी जिद पर अड़ी रही।
इस बीच ड्यूटी के दौरान मतदान सामग्री लेने, मतपेटिका लेने उसे जमा करने के दौरान भारी भीड़ की वजह से कई शिक्षक साथी कोरोना संक्रमित हो गए। तथा कुछ साथी कोरोना की दहशत के चलते हृदय गति रुकने की वजह से काल के गाल में समा गए। लेकिन सरकार या उनके प्रतिनिधियों ने उनके प्रति अपनी संवेदना व्यक्त तक नहीं की। शिक्षकों ने 8 सूत्रीय मांग से संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजा है।
वर्चुअल मीटिंग में माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री प्रमेंद्र कुमार, हरविंदर सिंह, एनपी तौमर, रविंद्र कुमार, मुकेश कुमार, प्रमोद कुमार, आरपी शुक्ला आदि शिक्षक उपस्थित रहे।

