- गाइडलाइन का पालन कराने सड़कों पर उतरे अफसर
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: जनपद में अनलॉक होने के बाद बाजार में सभी तरह की दुकानें खोली गई। बाजार खुलते ही बाजारों में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक और उप जिलाधिकारी, सीओ सिटी ने शहर में पैदल भ्रमण कर दुकानदारों को कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए ग्राहकों को सामान बेचने के निर्देश दिए।
जनपद में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या घटने के बाद 1 जून से शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी ने सप्ताह में 5 दिन सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक बाजारों में सभी तरह की दुकान खोलने की अनुमति दी है, जबकि शनिवार और रविवार को साप्ताहिक बंदी घोषित की है।
लगभग एक माह बाद मंगलवार की बाजार खुले तो सर्राफा, रेडिमेड, कपड़े, दर्जी, सौंदर्य प्रसाधन, इलैक्ट्रोनिक्स, मिठाई की दुकानें समेत विभिन्न ट्रेड के दुकानदारों ने राहत की सांस ली। सुबह बाजार खुलते ही ग्राहकों भी भीड़ बाजारों में उमड़ने लगी। लंबे समय से विभिन्न वस्तुओं की खरीदारी के लिए लोग परेशान थे, मंगलवार को लोगों ने जमकर खरीदारी की।
अनलॉक के पहले दिन उमड़ने वाली भीड़ के दृष्टिगत अपर जिलाधिकारी अरविंद कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह और उप जिलाधिकारी संदीप कुमार, सीओ सिटी प्रदीप सिंह ने शहर के मैन रोड और बाजारों मे पैदल भ्रमण कर दुकानदारों को कोरोना गाइड लाइन का पालन करने एवं कराने के निर्देश दिए।
अफसरों ने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए ग्राहकों को सामान बेचे। इस दौरान अफसरों ने दुकानदारों को कहा कि जनपद में कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आई लेकिन कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है। सर्तकता एवं कोरोना गाइड लाइन का पालन जरूरी है।
–
पहले दिन पटरी पर लौटता नजर आया कारोबार
कैराना। मंगलवार सुबह जैसे ही नगर के बाजार बजे खुले तो धीरे-धीरे लोग भी बाजारों में पहुंचने लगे, लेकिन पहले की तरह बाजारों में भीड़ कम दिखाई दी। जिलाधिकारी के निर्देश पर व्यापारियों द्वारा कोरोना गाइडलाइन का पूरी तरह पालन किया गया। लगभग एक माह से बंद पड़ी सभी दुकानों को खोलकर दुकानदारों सफाई आदि के बाद दुकानें खोली। लंबे समय के बाद दुकानें खुलने के बाद बंद पड़ा व्यापार पटरी पर लौटने लगा है।

