जनवाणी ब्यूरो |
शामली: उत्तर प्रदेश के विधानसभी चुनाव के नजदीक आते ही जनपद शामली की राजनीति में उथल-पुथल मची हुई है। एक के बाद एक नेता दूसरे दलों को छोड़कर राष्ट्रीय लोकदल का दामन थाम रहे हैं। इसके चलते भीम आर्मी के जिला प्रभारी नासिर चौधरी ने भी राष्ट्रीय लोकदल में विश्वास जताते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी से मुलाकात की।
भाजपा की वरिष्ठ नेत्री एवं राज्य महिला आयोग की सदस्य डा. प्रियम्वदा तोमर ने सबसे पहले भाजपा को छोड़कर रालोद का दामन थामा था। उनके बाद निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्षपति तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रसन्न चौधरी और उनके बाद पूर्व विधायक वारिस राव ने रालोद की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
अब मंगलवार को शामली जनपद में सबसे पहले के कई बड़े चेहरे पूर्व में भीम आर्मी के जिला प्रभारी रहे नासिर चौधरी ने भी नई दिल्ली में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी से मुलाकात कर रालोद का दामन थाम लिया। हालांकि नासिर चौधरी बुधवार को पार्टी ज्वाइन की औपचारिकताओं को जनपद शामली स्थित रालोद कार्यालय पर अमलीजामा पहनाएंगे।

