- सलारपुर गांव में हुआ विरोध वायरल हो रही वीडियो
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: भाजपा का विरोध अब गांवों में जोर पकड़ गया है। बुढ़ाना के विधायक उमेश मलिक का सिसौली और सिवालखास के विधायक जितेन्द्र सतवाई का करनावल कस्बे में भारी विरोध किसानों ने किया था। अब तीसरा विरोध किठौर के भाजपा विधायक सत्यवीर त्यागी का सलारपुर गांव में हुआ है। विरोध की यह घटना गुरुवार की देर शाम का है। यहां भाजपा विधायक सत्यवीर त्यागी एक व्यक्ति की मृत्यु होने के बाद परिवार को सांत्वना देने के लिए गए थे, लेकिन यहां पर किसानों ने उससे सवाल-जवाब कर दिये।
यही नहीं, भाजपा विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। विरोध बढ़ता हुआ देख भाजपा विधायक गांव से लौट गए। हालांकि किसानों ने नारेबाजी तो की, लेकिन मर्यादा में रहकर विरोध प्रदर्शन किया। सलारपुर गांव में आरएसएस के विंग भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी डा. केपी सिंह सलारपुर में ही रहते हैं। उन्होंने ही भाजपा विधायक सत्यवीर त्यागी को बुलाया था।
सलारपुर में एक व्यक्ति की मृत्यु होने पर परिवार को सांत्वना देने के लिए बुलाया गया था। भाजपा विधायक यहां पहुंचे, तभी कुछ लोगों ने भाजपा विधायक सत्यवीर त्यागी से सवाल कर दिये कि उनके गांव में तो पहले भी बहुत सारे ग्रामीणों की मौत हो चुकी हैं, इससे पहले वह नहीं आये? अब चुनाव आ गया है तो गांव-गांव पहुंचने लगे।
इसके बाद ही ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा तथा ग्रामीणों ने भाजपा विधायक के खिलाफ नारेबाजी आरंभ कर दी। 10 से 15 मिनट तक नारेबाजी चलती रही। भाजपा विधायक की गाड़ी को ग्रामीण घेरकर खड़े हो गए। इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ हैं, जिसमें बड़ी तादाद में लोग नारेबाजी कर रहे हैं तथा भाजपा विधायक की वायरल वीडियो में गाड़ी दिखाई दे रही हैं।
सड़क पर दो गाड़ी खडी हैं। नारेबाजी का शोर आ रहा है। युवक किसान यूनियन का झंडा लहरा रहे हैं तथा भाजपा विधायक के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। इस तरह से गांव-गांव में फिर से भाजपा के खिलाफ माहौल खड़ा हो गया है। विधायकों को गांवों में विरोध का सामना करना पड़ रहा हैं। इसकी वजह किसानों का गाजीपुर बॉर्डर पर चल रहा आंदोलन। क्योंकि बड़ी तादाद में किसान दिल्ली आंदोलन से जुड़े हुए हैं।

