- किसानों का विरोध देख लौट गया भाजपा विधायक का काफिला
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: लखीमपुर हिंसा के बाद से किसानों का भाजपा के प्रति आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें भाकियू कार्यकर्ता भाजपा का झंडा लगी गाड़ियों के काफिले को काले झंडे दिखाकर नारेबाजी कर रहे हैं।
काफिला पसवाड़ा गांव में भाजपा विधायक सत्यवीर त्यागी का बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को किठौर विधानसभा के गांव पसवाड़ा में भाजपा पदाधिकारी सतेंद्र कश्यप के यहां पन्ना प्रमुख कार्यक्रम था। इसमें किठौर भाजपा विधायक सत्यवीर त्यागी को बतौर मुख्यातिथि बुलाया गया था।
भारतीय किसान यूनियन के लोगों को इसकी भनक लगी तो वह गांव के मुहाने पर पहुंच गए। बताया गया कि दोपहर करीब 12 बजे विधायक सत्यवीर त्यागी का काफिला जैसे ही गांव में घुसा। आक्रोशित भाकियू कार्यकर्ताओं ने काफिले को घेर लिया और भाजपा सरकार और विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए न सिर्फ काले झंडे लहराए, बल्कि सोशल मीडिया पर विरोध का वीडियो भी वायरल कर दिया। किसानों का आक्रोश देख विधायक चुपचाप गांव से निकल गए। बता दें कि इससे पूर्व भी किठौर विधानसभा के सलारपुर गांव में सत्यवीर त्यागी का घोर विरोध हो चुका है। वहां विधायक एक परिवार में मौत होने पर सांत्वना देने पहुंचे थे।

