जनवाणी संवाददाता |
बागपत: दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बाईपास के निकट स्थित एक टायर गोदाम में आग लगने से लाखों रुपये टायर जल गए। मौके पर मोजूद लोगों ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया। गोदाम मालिक का आरोप है कि किसी ने गोदाम में आग लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बाईपास के पास पुराना कस्बा निवासी फुरकान का पुराने टायरों का गोदाम है। फुरकान के अनुसार वह पुराने टायर खरीदने व बेचने का काम करता है। उसने बताया कि शुक्रवार को वह किसी काम से नगर से बाहर चला गया था। नौकर भी अपने -अपने काम में लग गए। इसी दौरान किसी ने उसके गोदाम में आग लगा दी। जिससे गोदाम में रखे लाखों रुपये के टायर जल गए।
गोदाम से धुआं निकलता देख आसपास के दुकानदार गोदाम की तरफ दौड़ लिए । बताया गया है कि गोदाम के बराबर में ही नीरज का डग है। दुकानदारों ने डग के पाइप से पानी डालकर आग बुझाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुकानदारों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू न पाया जाता तो आसपास की अन्य दुकानों में भी नुकसान हो सकता था।
चांदीनगर: बच्चों के विवाद में दो पक्षों में चले लाठी डंडे, आधा दर्जन घायल
थाना खेकड़ा क्षेत्र के कस्बा रटौल में बच्चों के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंड़े चले। इस दौरान दोनों पक्षों से एक महिला समेत आधा दर्जन घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के विरूद्ध थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कस्बा रटौल में फज्जू व सरताज के बच्चे गली में खेल रहे थे। किसी बात को लेकर बच्चों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों से बड़े भी आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों में संघर्ष हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी डंड़े चले और पथराव हुआ।
जिसमें एक पक्ष से सरताज, जैद , इमरान, मीना व अमजद तथा दूसरे पक्ष से फज्जू घायल हो गए। आरोप है कि झगड़े की सूचना देने के बाद भी रटौल पुलिस चौकी से पुलिस दो घंटे बाद घटना स्थल पर पहुंची। दोनों पक्ष ने एक दूसरे के विरूद्ध थाना खेकड़ा में तहरीर दी है। सरताज पक्ष का आरोप है कि पुलिस केवल उन पर दबाव बना रही है जबकि दूसरे पक्ष के विरूद्ध कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

