जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: अगले साल की शुरुआत में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए शिरोमणि अकाली दल ने शनिवार को तीन और उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की।
सुनीता चौधरी को शहीद भगत सिंह नगर की बलाचौर सीट से टिकट दिया गया है, जबकि जसपाल सिंह पटियाला ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ेंगे। जालंधर जिले के शाहकोट विधानसभा क्षेत्र से बचित्तर
सिंह कोहड़ शिअद प्रत्याशी होंगे।
पार्टी नेता दलजीत सिंह चीमा ने शनिवार को एक ट्वीट में यह जानकारी दी। अभी तक कुल 83 सीटों पर अकाली दल ने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं।
अकाली दल ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ गठबंधन किया है। दोनों राजनीतिक दलों के बीच सीटों के बंटवारे की व्यवस्था के अनुसार मायावती के नेतृत्व वाली बसपा पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में 20 पर उम्मीदवार उतारेगी, जबकि शेष सीटों पर शिअद लड़ेगी।

