जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: एनआरसी के विरोध में लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में हुए बवाल के दौरान दंगाइयों ने हापुड़ रोड स्थित इस्लामाबाद चौकी में आग लगा दी थी। आग से चौकी में रखे सभी कागजात व अन्य सामान जल गया था। चौकी नष्ट होने के बाद पुलिस ने लोगों के पैसों से चौकी का निर्माण तो करा लिया था, लेकिन अब पुलिस नगर निगम से पैसा वसूलने की तैयारी कर रही है। जिसके लिए थाना पुलिस ने निगम अधिकारियों को चौकी निर्माण में खर्च हुए 3.80 लाख रुपये का बजट बनाकर भेजा है। हालांकि अभी मामला निगम में अटका है।
विदित है कि 22 दिसंबर 2019 को एनआरसी की विरोध में दंगाइयों ने इस्लामाबाद चौकी में आग लगा दी थी और इसके बाद पुलिस टीम पर हमला कर दिया था। पुलिस टीम ने अपनी बचाव में भीड़ पर लाठी-चार्ज किया तो उसमे छह लोगों की मौत हो गई थी और 100 से अधिक लोग घायल हो गए थे। कुछ दिनों बाद मामला शांत होने पर थाना पुलिस ने उच्चाधिकारियों के आदेश पर चौकी को क्षेत्र के जिम्मेदार लोगों की मदद से बनवा दिया था, लेकिन अब पुलिस चौकी के निर्माण में आए खर्च को नगर निगम से वसूलना चाह रही है।
जिसके लिए नगर निगम को चौकी निर्माण में आए खर्च का 3.80 लाख रुपये का बजट बनाकर सौंप दिया। वहीं, निगम अधिकारियों ने बजट को पास करने से पहले खामियां निकाल दी और चौकी जलने से पहले और जलने के बाद की फोटो मांग ली है। साथ ही चौकी निर्माण में आए खर्च का ब्योरा भी मांग लिया है। थाना पुलिस चौकी जलने से पहले और बाद के फोटो और वीडियो तलाश करने में जुटी है।

