- कहा, भाजपा सरकार में व्यापारियों का हो रहा शोषण
जनवाणी संवाददाता |
कांधला: उप्र उद्योग व्यापार मंडल की नगर इकाई के पदाधिकारियों ने शनिवार को कस्बे में एक रैली निकालते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा मंडी शुल्क नहीं हटाने के साथ-साथ जीएसटी दरें बढ़ाने के विरोध में रैली निकाली। इस दौरान व्यापार मंडल के महामंत्री श्रीकांत जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा देश भर से मंडी शुल्क हटा दिया गया है। मगर, प्रदेश सरकार अपनी हठार्मी के चलते प्रदेश की मंडियों से मंडी शुल्क नहीं हटा रहा है। साथ ही, जूता-कपड़ा और स्टेशनरी पर जीएसटी की दरें 5 प्रतिशत से 12 प्रतिशत तक बढ़ा दी गई हैं।
व्यापारियों ने कहा कि मोदी व योगी सरकार व्यापारी हितैषी मानी जाती है मगर भाजपा की सरकार में सबसे ज्यादा शोषण व्यापारियों का हो रहा है। व्यापारी वर्ग सरकार के इस रवैया का पुरजोर विरोध करता है। उन्होंने कहा कि आचार्य चाणक्य ने एक बात कही थी कि टैक्स ऐसा होना चाहिए जिस प्रकार से भंवरा फूल से शहद चूस लेता है, न की फूल को चूस लें। सरकार भी ऐसे ही नीति अपना रही है। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर सरकार का यही रवैया रहा तो आने वाले चुनाव में व्यापारी वर्ग इसका पुरजोर विरोध करेगा। व्यापार मंडल ने अपनी इन्हीं मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन भेजा है। इस दौरान दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।

