- हिंदू जागरण मंच के महानगर अध्यक्ष पर पुलिस की रही कड़ी नजर
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: वेलेंटाइन डे को लेकर सोमवार सुबह से ही पुलिस का पार्कों व होटलों पर पहरा लग गया था। पुलिस की होटल, रेस्टोरेंट और पार्कों के आसपास से कड़ी नजर रही। वहीं, महिला थाना प्रभारी ने गांधी बागमें अभियान चलाकर वहां बैठे युवक-युवतियों से पूछताछ की और उन्हें चेतावनी देकर छोड़ा। वहीं, शहर की सभी थाना पुलिस की अपने-अपने क्षेत्रों के होटलों पर भी नजर रही। इसके साथ पुलिस ने हिंदू जागरण मंच के महानगर अध्यक्ष सचिन सिरोही की निगरानी के लिए पहरा लगा दिया था।
एंटी रोमियो सेल ने सोमवार सुबह ही पार्क और मॉल में पहुंचकर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया था। इसके साथ महिला थाना प्रभारी और सदर बाजार पुलिस ने गांधी बाग पार्क में अभियान चलाया। पुलिस की ओर से संदेश दिया गया है कि पार्क में घूमने पर किसी तरह की रोक-टोक नहीं है, लेकिन किसी को भी सार्वजनिक स्थानों पर अश्लीलता की अनुमति नहीं है।
वहीं, एसपी सिटी विनीत भटनागर ने पुलिस को पूरी तरह सक्रिय रहने के निर्देश दिए और कहा कि उन संगठनों के नेताओं पर भी निगरानी रखें, जो होटल और रेस्टोरेंट में पहुंचकर युवक-युवतियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। इसके साथ पार्क व अन्य जगहों पर भी निगरानी रखी जाएं और अपने-अपने क्षेत्र के होटलों पर भी नजर रखें।
गांधी बाग पार्क में महिला थाना प्रभारी को कई जगहों पर युवक-युवतियां बैठे मिलें तो थाना प्रभारी ने उनसे पूछताछ की और चेतावनी दी कि यदि किसी तरह अश्लील हरकतें की तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, वेलेंटाइन डे पर अक्सर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता सक्रिय हो जाते है और पार्कों व रेस्टोरेंट में बैठे युवक-युवतियों के साथ अभद्र व्यवहार करते है। ऐसे संगठन के कार्यकर्ताओं पर इस बार पुलिस की कड़ी नजर रही। वहीं, हिंदू संगठन के महानगर अध्यक्ष सचिन सिरोही को भी पुलिस ने सोमवार की सुबह को ही अपने घेरे में ले लिया था और उस पर पल-पल की नजर रखी जा रही थी।
जिला अस्पताल में नर्स से छेड़छाड़ पर युवक की धुनाई
वेलेंटाइन डे पर जिला अस्पताल में नर्स से छेड़छाड़ एक युवक को भारी पड़ गई। नर्स ने युवक को पकड़कर जमकर धुना और घटना की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सोमवार को जिला अस्पताल आया एक युवक यहाँ कार्य करने वाली नर्स से टकरा गया। इस बात पर नर्स आग बबूला हो गई।
उसने युवक पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया और देखते ही देखते युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। काफी देर तक युवक की धुलाई करने के बाद नर्स ने घटना की सूचना पुलिस को दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि नर्स ने छेड़छाड़ की बात कही है मगर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

