- पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज से ठगों की पहचान की शुरू
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: थापर नगर से सदर मंडी में सब्जी खरीदने के लिए घर से निकली भाजपा नेता की चाची से नकली पुलिसकर्मियों ने सोने के कंगन ठग लिए। यही नहीं पुलिसकर्मियों ने महिला को एक रुमाल में नकली कंगन थमाकर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे भाजपा नेताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
सदर बाजार थाना क्षेत्र भाजपा पटेल नगर मंडल में विनीत वरमानी पदाधिकारी है। वह अपने पूरे परिवार के साथ थापर नगर गली नंबर पांच में परिवार के साथ रहते है। उनकी चाची वीना वरमानी पत्नी कांति वरमानी 12 बजे घर से सब्जी लेने के लिए सदर मंडी जा रही थी। जैसे ही वीना वरमानी गली नंबर पांच में पहुंची तो एक सरदार ने उन्हें रोक लिया। सरदार ने कहा कि कुछ दूरी पर पुलिस खड़ी है, बिना मास्क घूम रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
इसी बीच तीन बदमाश और आ गए। सरदार समेत चार बदमाशों ने उनको गुमराह कर हाथ में पहने ढाई लाख रुपए कीमत के सोने के कंगन उतरवा लिए। जिसके बाद बदमाशों ने नकली कंगन रूमाल में दे दिए। चारों बदमाश दो बाइक से मौके से फरार हो गए। वीना वरमानी ने मामले की जानकारी अपने पति आबूलेन पर टेलर की दुकान करने वाले कांति वरमानी को दी। इसके बाद उन्होंने सदर बाजार पुलिस को ठगी होने की सूचना दी।
वहीं, सूचना मिलते ही थाना पुलिस समेत भाजपा नेता विनीत वरमानी भी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंच गए। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपाईयों ने हंगामा कर दिया। थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया और पास में लगे सीसीटीवी की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया।
इसके बाद पुलिस ने चेकिंग अभियान भी चलाया, लेकिन हाथ नहीं लग सकें। इंस्पेक्टर सदर बाजार देव सिंह रावत का कहना है कि फुटेज की जांच पड़ताल की जा रही है। आरोपियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

