- आयुक्त ने की गन्ना मूल्य भुगतान की मंडलीय समीक्षा, भुगतान कराने के निर्देश
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: आयुक्त सभागार में गन्ना मूल्य भुगतान की मंडलीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुये आयुक्त अनीता सी मेश्राम ने कहा कि किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान सर्वोच्च प्राथमिकता पर कराया जाये। उन्होंने कहा कि गन्ना भुगतान की धनराशि किसानों की है।
इसलिए कोई भी चीनी मिल चीनी बिक्री व अन्य मदों से प्राप्त धनराशि का डायवर्जन न करें, यह स्वीकार्य नहीं होगा। चीनी मिले अपनी पूर्ण क्षमता के साथ संचालित हो। उन्होंने गन्ना समितियो के बकाया भुगतान कराने व गन्ने के अवशेष पत्तियों को न जलाया जाये यह सुनिश्चित करने के लिए कहा।
आयुक्त अनीता सी मेश्राम ने एक एक कर सभी चीनी मिलो के प्रबंधको से गत पेराई सत्र व वर्तमान पेराई सत्र में गन्ना मूल्य के लंबित भुगतानों की जानकारी ली तथा सभी चीनी मिल प्रबंधकों को निर्देशित किया वह सर्वोच्च प्राथमिकता पर गन्ना मूल्य का भुगतान किसानों को कराना सुनिश्चित करें।
गन्ना मूल्य के भुगतान के रूप में चीनी की बिक्री एक वैकल्पिक रूप में किसानों को करने के लिए चीनी मिल परिसर के अंदर बिक्री केन्द्र (सेल पाइंट) बनाया जाये तथा उसका प्रचार प्रसार भी कराया जाये। उप गन्ना आयुक्त राजेश मिश्र ने बताया कि पेराई सत्र 2019-20 में मंडल की 16 चीनी मिलों द्वारा दो फरवरी 2021 तक 91.01 प्रतिशत गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया है।
जनपद की किनौनी शुगर मिल द्वारा दो फरवरी 2021 तक 94.76 प्रतिशत भुगतान कर दिया गया है। शेष पांचों मिलों ने शत-प्रतिशत भुगतान गत पेराई सत्र का कर दिया है। किनौनी शुगर मिल को एक सप्ताह में गत पेराई सत्र का अवषेष का भुगतान करने के निर्देश दिये गये हैं।
वर्तमान पेराई सत्र 2020-21 में मंडल की 16 चीनी मिलों द्वारा दो फरवरी 2021 तक रुपये 14409.42 लाख का भुगतान कर दिया है। जिसमें मेरठ की किनौनी शुगर मिल को छोड़कर शेष पांचो चीनी मिलों ने रुपये 37065.20 लाख का भुगतान कर दिया है।
इस अवसर पर प्रधान प्रबंधक रमाला चीनी मिल डा. आरवी राम, जीएम दौराला संजीव कुमार, वरिष्ठ महाप्रबंधक नंगलामल एलडी शर्मा, वरिष्ठ महाप्रबंधक मोहिउद्दीनपुर प्रमोद बालियान, मुख्य महाप्रबंधक ब्रजनाथपुर चीनी मिल परमिन्दर सिंह, उपाध्यक्ष मोदी शुगर वीपीएस मलिक, मुख्य महाप्रबंधक सिंभावली करन सिंह सहित मंडल के सभी जिला गन्ना अधिकारी व मिलो के प्रबंधक आदि उपस्थित रहे।

