जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना फतेहपुर पुलिस ने सोमवार रात रजापुर कलाहटी कट के पास मुठभेड़ के बाद गोकशी के आरोपी वरीश पुत्र नसीम निवासी सिकंदरपुर भैंसवाल, थाना भगवानपुर, हरिद्वार को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया।
क्षेत्राधिकारी सदर पवन कुमार ने बताया कि चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार पीछा करने पर बाइक फिसलकर गिर गई और बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वरीश के पैर में गोली लगी। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा व एक खोखा कारतूस, गोकशी के उपकरण और बाइक बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी पर करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।

