- हसनपुर लुहारी साधन सहकारी समिति पर किया प्रदर्शन
जनवाणी संवाददाता |
हसनपुर लुहारी: थानाभवन ब्लॉक के हसनपुर लुहारी साधन सहकारी समिति पर यूरिया खाद लेने पहुंचे किसानों ने बताया कि किसान गेहूं की सिंचाई कर चुके हैं। अब फसल में नाइट्रोजन के छिड़काव के लिए यूरिया की आवश्कता है। इसके लिए किसान समिति पर पहुंच रहे हैं जहां उन्हें जबरन दानेदार यूरिया के साथ लिक्विड नैनो भी दिया जा रहा है, लेकिन किसान उसे नहीं लेना चाहते क्योंकि इसका छिड़काव काफी खर्चीला है।
इसके छिड़काव के लिए अलग से मशीन, पानी और एक छिड़काव करने के लिए अनुभवी व्यक्ति की जरूरत पड़ रही है। इससे उन्हें अतिरिक्त खर्च वहन करना पड़ रहा है। नैनो के चक्कर में रोजाना समितियों पर किसानों से सचिवों में नोकझोक हो रही है।
समिति द्वारा किसानों को नैनो यूरिया दिए जाने से क्षुब्ध किसान आरजू, भोलू, नवेद, आलोक, नौशाद, इसतकार नसीम, सलीम, मुदसीर, नसीम ने विरोध प्रदर्शन किया।

