- प्रदेश के मुख्यमंत्री को रालोद ने भेजा तीन सूत्रीय मांग पत्र
जनवाणी संवाददाता |
शामली: सोमवार को रालोद के किसान संदेश अभियान के सहारनपुर मंडल प्रभारी तरसपाल मलिक, विधायक प्रसन्न चौधरी व विधायक अशरफ अली खान के नेतृत्व में कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचें। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित तीन सूत्री ज्ञापन अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान पेराई सत्र प्रारंभ हुए तीन माह का समय हो चुका है लेकिन आज तक गन्ने का लाभकारी मूल्य घोषित नहीं किया गया है। किसान एकलौता ऐसा उत्पादक है जिसको अपने उत्पाद का मूल्य तय करने का अधिकार नहीं है।
अपने खून पसीने से सींची फसल को मिल मालिकों देता जाता है जबकि उसको यह पता नहीं होता कि उसकी फसल का कितना पैसा मिलेगा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि अगर आगामी पांच फरवरी तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होता तो फिर रालोद कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर सात फरवरी को प्रदेशभर में जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष योगेंद्र चेयरमैन, रालोद जिलाध्यक्ष वाजिद अली प्रमुख, तरसपाल मलिक, शामली विधायक प्रसन्न चौधरी, थानाभवन विधायक अशरफ अली खान, सत्यवीर पंवार, ऋषिराज राझड़, जिला पंचायत सदस्य अरविंद पंवार, बिजेंद्र मलक किवाना, मंगलसैन पंवार, सनोज टोड़ा, सुनील मलिक, डा. मुबारिक अली आदि मौजूद रहे।

