22 को CWC की बैठक बुलाई, पार्टी अध्यक्ष के चुनाव कार्यक्रम पर लगेगी मुहर
जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: एक ओर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने मंत्रिमंडल विस्तार का तानाबाना बुन रहे हैं दूसरी ओर पार्टी में एक खेमा उन्हें दिल्ली बुलाने और बड़ी जिम्मेदारी सौंपने के लिए बेहतर विकल्प मान रहा है।
राहुल गांधी ने अभी तक इस बात पर हामी नहीं भरी है कि वे कांग्रेस अध्यक्ष का पद दुबारा संभालने को तैयार हैं। गहलोत गांधी परिवार के जांचे परखे और भरोसेमंद भी हैं।
दरअसल कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी की जगह पार्टी को स्थाई अध्यक्ष पर जल्द फैसला लेना है। राहुल समर्थक उनके इस्तीफा देने के बाद से ही उन्हें पुन: अध्यक्ष बनने के लिए मना रहे हैं।
जबकि राहुल ने अभी तक इस बात पर हामी नहीं भरी। जो भी स्थाई अध्यक्ष बनेगा उसे राहुल गांधी के कार्यकाल का शेष समय मिलेगा। हालांकि राहुल के विदेश से लौटने के बाद उनके समर्थक फिर उन्हें जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार करने में जुटे हैं।
पार्टी में वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि अगर राहुल तैयार नहीं होते हैं ऐसे में किसी को स्थाई अध्यक्ष बनाया जाना जरूरी होगा। ऐसे में सोनिया गांधी की सक्रियता को देखते हुए या तो उन्हें ही स्थाई तौर पर जिम्मेदारी संभालनी होगी या फिर विकल्प के तौर किसी वरिष्ठ नेता को तैयार करना होगा। इस उधेड़बुन में जो नाम सामने आए हैं उसमें अशोक गहलोत को इस पद पर सबसे उपयुक्त और नए पुरानों के बीच बेहतर तालमेल बैठाने वाला बताया जा रहा है।
सूत्रों की मानें तो पिछले साल अशोक गहलोत को इस तरह का प्रस्ताव भी दिया गया था लेकिन फिर दिल्ली के कुछ नेताओं के हस्तक्षेप से वे मुख्यमंत्री पद छोडऩे को तैयार नहीं हुए। बताते हैं कि ये फैसला गहलोत को ही लेना है कि वे राजस्थान छोड़कर दिल्ली आएं।
दरअसल गहलोत बतौर महासचिव संगठन दिल्ली जरूर आ गए थे लेकिन राजस्थान का चुनाव आते ही उन्होंने अपनी सक्रियता फिर बढ़ा दी थी और फिर सीएम पद का दावा भी किया था।
कांग्रेस के अंदर संगठन चुनाव कराने की मांगकांग्रेस के भीतर काफी समय से नेतृत्व बदलने की मांग को लेकर उथल-पुथल जारी है, मगर अब लगता है इस पर विराम लगाने का समय आ गया है। कांग्रेस के अंदर संगठन चुनाव कराने की मांग के बीच पार्टी ने शुक्रवार यानी 22 जनवरी को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक बुलाई है।बैठक में अध्यक्ष पद के चुनाव प्रक्रिया और कार्यक्रम पर चर्चा होने की उम्मीद है। इसके साथ बैठक में पार्टी किसान आंदोलन और संसद के बजट सत्र की रणनीति पर चर्चा हो सकती है।पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि 22 जनवरी को सीडब्लूसी की डिजिटल बैठक होगी। बैठक में नए अध्यक्ष के चुनाव कार्यक्रम के साथ किसान आंदोलन और मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा होगी। सीडब्लूसी के अध्यक्ष पद के चुनाव कार्यक्रम पर मुहर लगाने के बाद तिथियों का ऐलान हो सकता है।कांग्रेस में नए अध्यक्ष पद का चुनाव ऐसे वक्त हो रहा है, जब पार्टी अंदरुनी संकट से जुझ रही है। पार्टी के 23 नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष को पत्र लिखकर कई सवाल उठाए थे। यह नेता अध्यक्ष पद के साथ सीडब्लूसी और संगठन के दूसरे पदों के लिए भी चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं।दरअसल, लोकसभा चुनाव में हार के बाद राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। कांग्रेस कार्यसमिति ने उनका त्यागपत्र स्वीकार करते हुए सोनिया गांधी को अंतरिम अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। हालांकि, पार्टी का एक बड़ा तबका राहुल गांधी फिर अध्यक्ष बनाने की मांग कर रहा है। |

