जनवाणी संवाददाता |
चांदपुर: नगर स्थित प्राचीन देवी मंदिर परिसर में चैत्र नवरात्र की अष्टमी पर लगने वाले मेले पर कोरोना का ग्रहण लग गया है। कोरोना महामारी को देखते हुए मंदिर प्रबंध समिति द्वारा मेला न लगाए जाने का ऐलान किया गया है। नगर के बाईपास मार्ग पर स्थित प्राचीन देवी मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है।
नवरात्र के दिनों में मंदिर परिसर में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन करने पहुंचते हैं। वही चैत्रीय नवरात्र की अष्टमी पर मंदिर परिसर में विशाल मेले का आयोजन किया जाता है । क्षेत्र के गांव से आने वाले हजारों श्रद्धालु अष्टमी के दिन माता के मंदिर में माथा टेक कर मन्नते मांगते हैं।
मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगती है । कोरोना महामारी को देखते हुए मंदिर का संचालन करने वाली दान धर्म प्रचारिणी मंदिर सुधार सभा ने अष्टमी पर लगने वाला मेला स्थगित कर दिया है। मंदिर परिसर में मेला नहीं लगेगा लेकिन प्रतिदिन होने वाली पूजा अर्चना जारी रहेगी।
प्रबंध समिति अध्यक्ष कीर्ति प्रकाश अग्रवाल कोरोना गाइडलाइन को देखते हुए प्रबंध समिति सदस्यों की सहमति के बाद मेला स्थगित किए जाने की बात कही है। मंदिर परिसर में लगने वाला मेला पहली बार स्थगित नहीं हुआ है बल्कि पिछले वर्ष भी कोरोना संक्रमण को देखते हुए देश में लाक डाउन लगा दिए जाने से मंदिर परिसर में मेला नहीं लगा था ।

