- ई-रिक्शा में गाने बजाने का विरोध करने पर हुई थी कहासुनी
- दो भाइयों ने घर में घुसकर किया चाकुओं से हमला
जनवाणी संवाददाता |
झिंझाना: मामूली सी कहासुनी ने दीपावली की खुशियों को मातम में बदल दिया। अपने घर के बाहर ई-रिक्शा में गाने सुन रहे मामा भाँजे पर गांव के ही दो युवकों चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में भाँजे की मौत हो गई जबकि मामा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल हो हायर सैंटर रैफर किया गया। वहीं पुलिस ने दोनों हत्यारोपियों को आल ए कत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
शनिवार की देरशाम झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव जमालपुर में दीपावली की खुशियां मना रहे परिवार में मातम छा गया। गांव जमालपुर निवास हरिओम पुत्र सुभाष अपने मामा रुपेन्द्र पुत्र ब्रजपाल निवासी हरसाना के साथ अपने घर के बाहर ई-रिक्शा में गाने बजा रहा था। सुभाष के घर के निकट ही गांव के ही मोंटी पुत्र विनोद के बाबा की समाधि है।
दीपावली पूजन के बाद मोंटी अपने बाबा की समाधि पर मोमबत्ती जलाने आया था। तब मोंटी ने रुपेन्द्र को फिलहाल गाने बंद करने के लिए कहा तो उनकी आपस में कहासुनी हो गई। उस समय तो मोंटी वहां से चला गया। वहीं हरिओम व रुपेन्द्र भी अपने घर में खाना खा रहे थे। आरोप है कि तभी मोंटी अपने भाई गौरव को लेकर आया ओर खाना खा रहे मामा-भाँजे हरिओम व रुपेंद्र पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और फरार हो गए।
आनन-फानन में परिजन दोनों घायलों को निजी चिकित्सक के यहां पहुंचे जहां पर हरिओम को मृत घोषित कर दिया और रुपेन्द्र को गंभीर हालत में रैफर कर दिया गया। हरिओम की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। युवक की हत्या की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया ओर पुलिस आनन-फानन में घटना स्थल पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतक हरिओम के मामा राजेंद्र ने दो आरोपी मोंटी व गौरव पुत्रगण विनोद निवासी जमालपुर के खिलाफ अपने भाँजे हरिओम की हत्या व जानलेवा हमले की तहरीर दी है। सीओ कैराना ने बताया तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आला ए कत्ल बरामद कर लिया गया है।
इकलौता बेटा था हरिओम
गांव जमालपुर में घर में घुसकर युवक हरिओम की चाकुओ से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक हरिओम अपनी बहन का इकलौता भाई था। हरिओम की अगले माह शादी होनी था जिसका रिश्ता लोनी निवासी युवती से हुआ था। लेकिन मामूली कहासुनी ने दीपावली की खुशियों को मातम में बदल दिया। मृतक हरिओम की छोटी बहन प्रियंका अपने इकलौते भाई की मौत की खबर सुनकर बेहोश हो गई वहीं पुत्र की हत्या पर मां को भी परिजन डांढ़स बधा रहे थे।
टॉप-10 अपराधी है घायल रूपेन्द्र
दीपावली की रात्रि मामा-भाँजे पर हुए हमले में जहां भाँजे हरिओम की मौत हो गई वहीं मामा रुपेन्द्र भी गंभीर रुप से घायल होने पर हायर सैंटर रेफर किया है। पुलिस के मुताबिक घायल रुपेन्द्र थाना झिंझाना का टॉप-10 अपराधी है जिस पर दर्जनों मुकदमें दर्ज हैं। रुपेन्द्र दीपावली पर अपनी बहन के घर आया था।
गांव जमालपुर में चाकुओं से हमले में एक युवक की मौत हुई है जबकि दूसरा घायल है जिसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों हत्यारोपियों को आल ए कत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
-नित्यानंद राय, एसपी शामली

