- टक्कर के बाद बाईक में लग गई थी आग
- सेनिक अस्पताल में कराया गया था भर्ती, एम्स हुए थे रेफर
- दिल्ली के एम्स अस्पताल में घायलों ने तोड़ा दम
जनवाणी संवाददाता |
पुरकाजी: तेज गति से आ रही एक अपाची बाईक सड़क पर खड़े सेना के ट्रक में जा घुसी, जिसके चलते बाईक में आग लग गई और बाईक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। सेना के जवानों ने घायलों को उपचार के लिए रूड़की के सैनिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए दिल्ली के एम्स अस्पताल में रेफर कर दिया गया। एम्स अस्पताल में दोनों युवकों की उपचार के दौरान मौत हो गयी।

दिल्ली निवासी सोनू पुत्र श्रवण कुमार अपने दोस्त अमित के साथ अपनी अपाची बाईक पर सवार होकर दिल्ली से रूडकी की ओर जा रहा था। बताया जाता है कि जब वह पुरकाजी बाईपास पर पहुंचा, तो सड़क के किनारे खड़े सेना के ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाईक में आग लग गई और दोनों घायल होने के साथ ही गंभीर रूप से झुलस गये। सेना के जवानों ने दोनों की आग बुझाकर उन्हें तुरन्त ही रूड़की के सैनिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें दिल्ली के एम्स अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया।
एम्स अस्पताल में दोनों की मौत हो गयी। जबकि दूसरी ओर उनकी बाईक भी जलकर राख हो गयी। यह घटना गुरूवार की सुबह 4.30 बजे घटित हुई। घटना की सूचना मिलने पर पुरकाजी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी और बाईक को सड़क के किनारे खड़ा कराया था। पुलिस ने दोनों के पास मिलने कागजों के आधार पर उनके परिजनों की तलाश शुरू कर उनके परिजनों को इस भयावह हादसे की सूचना दी।

