जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: बिन्दल पेपर मिल में संदिग्ध परिस्थितियों के चलते आग लग गयी, जिससे मिल में करोड़ों रूपये का नुकसान हो गया है। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने बामुश्किल आग पर काबू पाया, परन्तु जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक बड़ा नुकसान हो चुका था।
नईमंडी थाना क्षेत्र के भोपा रोड पर बिंदल पेपर मिल है, जो वाईट पेपर बनाने वाली एशिया की सबसे बड़ी मिलों में गिनी जाती है। इस पेपर मिल के मशीनरी रूम में बुधवार की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गयी और इस आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। मिल में आग लगने कीसूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। मिल कर्मचारियों ने भी इस आग को बुझाने का प्रयास किया, परन्तु वह नाकाम रहे।
मिल में आग लगने की सूचना मिलने पर फायर विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गयी और कड़ी मशक्कत के बाद इस भयंकर आग पर काबू पाया गया। आग पर जब तक काबू पाया जाता, तब तक बड़ा नुकसान हो चुका था। माना जा रहा है कि इस अग्निकांड में करोड़ों रूपये का नुकसान हुआ है। अभी तक नुकसान का आंकलन नहीं किया जा सका है।

