- संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात, संदिग्धों की हुई चेकिंग
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सोमवार की शाम को देश में नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) लागू कर दिया गया है। सीएए के नोटिफिकेशन के साथ ही पूरे प्रदेश में अलर्ट कर दिया गया, जिसके चलते मेरठ पुलिस हरकत में आ गयी और सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गयी और संदिग्धों की तलाशी ली गयी।
बता दें कि 2019 में जब सीएए लागू करने की बात सामने आयी थी, तो उस समय पूरे देश में इसके खिलाफ आंदोलन किये गये थे। विपक्ष द्वारा इसका जमकर विरोध किया गया था। मेरठ में बड़ा बवाल हो गया था। खूब फायरिंग हुई थी। पुलिस और एक विशेष सम्प्रदाय के लोग आमने-सामने आ गए थे।
इसी दौरान कोरोना माहमारी आ जाने के बाद इस कानून को लागू नहीं किया गया था, परन्तु चुनाव से ठीक पहले इस कानून को लागू कर दिया गया है। सीएए का जिस तरह से विरोध किया गया था, उसके चलते किसी बवाल की आशंका को देखते हुए मेरठ पुलिस अलर्ट मोड में दिखी। पूूरे प्रदेश को हाई अलर्ट मोड़ पर रखा गया है। मेरठ के एसएसपी रोहित सजवाण ने पैरामिलिट्री फोर्स के साथ सड़कों पर उतरकर चेकिंग अभियान चलाया तथा ड्रोन के माध्यम से भी चेकिंग की गयी।
शहर के बेगमपुल चौराहा पर अपने अधिनस्थों के साथ मिलकर चेकिंग अभियान चलाया। पूरे शहर में सतर्कता बरतने के निर्देश दिये गए हैं। खुद एसएसपी पुलिस और शहर का भ्रमण कर रहे हैं। पहले जो बवाल हुआ था, उसमें शहर कोतवाली क्षेत्र, लिसाडी गेट और नौंचदी थाना क्षेत्र शामिल थे। इन क्षेत्रों में ही बवाल हुआ था। इन इलकों में पैरामिलिट्री फोर्स को जगह-जगह तैनात कर दिया हैं तथा पैदल मार्च भी बाजारों में किया जा रहा हैं।

