- स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित मॉनीटरिंग, प्रधानमंत्री मातृ वंदना समेत विभिन्न योजनाओं के क्र्रियान्वयन पर बल
- विकास भवन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में सीडीओ ने दिए दिशा-निर्देश
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: गुरुवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी शशांक चौधरी ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य कार्यों की बिन्दुवार समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रगति के आंकड़ों को पोर्टल पर समय से और सही अंकित करना सुनिश्चित करें। जिससे कि प्रत्येक चिकित्सीय कार्य की समीक्षा ठीक ढंग से की जा सके। उन्होंने धीमी प्रगति वाली योजनाओ में संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत प्रगति लाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान आयुष्मान भारत योजनान्तर्गत अंत्योदय अन्न कार्ड धारकों के आयुष्मान कार्ड धीमी गति से बनाने पर सीडीओ शशांक चौधरी ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देशित किया कि संबधित अधिकारी ब्लॉकवार समीक्षा करते हुए कार्यो में प्रगति लाया जाना सुनिश्चित करें। साथ ही कार्ड बनाने में लापरवाही एवं औसत से कम प्रगति पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
सीडीओ शशांक चौधरी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अखिलेश मोहन को निर्देशित किया गया कि जनपद में समस्त एमओआईसी के तैनाती स्थल पर ही निवास करना सुनिश्चित कराया जाए। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित मॉनीटरिंग करने, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, परिवार नियोजन, कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम आदि की समीक्षा कर इनके सही क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
इस दौरान सीएमओ डा. अखिलेश मोहन ने कहा कि आशा कार्यकत्री घर-घर जाकर गृह प्रसव की संख्या एकत्र कर संबंधित अधिकारी को अवगत कराएं। तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर गर्भवती महिलाओं की दिन-प्रतिदिन घटती संख्या पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि आशाएं गर्भवती महिलाओं को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर प्रसव कराए जाने के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर एसीएमओ, एमओआईसी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

