- 59.79 प्रतिशत हुआ मतदान, आज सुबह आठ बजे से होगी मतगणना
जनवाणी संवाददाता |
मुंडाली: क्षेत्र के रछौती में पुलिस-फोर्स की मुस्तैदी के बीच ग्राम पंचायत उपचुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। सुबह नियत वक्त पर शुरू हुआ मतदान शाम तक निर्बाध गति से चला। हालांकि दिनभर छाए बादलों के बीच दोपहर में बढ़ी उमस से मतदान में गिरावट आई, लेकिन दिन ढलने के साथ मतदान बढ़कर 59.79 प्रतिशत पहुंच गया। एसडीएम ने भी मतदेय स्थल का निरीक्षण किया।
बृहस्पतिवार को रछौती का ग्राम प्रधान उपचुनाव पुलिस-प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। गत ग्राम पंचायत चुनाव में यहां से निर्वाचित प्रधान मुनेशदेवी पत्नी राजकुमार का मात्र सात माह के कार्यकाल में एक जनवरी को बीमारी से निधन हो गया था।

तब से रिक्त इस पद पर पिछले दिनों डीएम दीपक मीणा ने ग्राम पंचायत सदस्य अनिल सिंह को प्रशासक नियुक्त कर दिया था, लेकिन अनिल को चार्ज दिए जाने से पूर्व ही प्रशासन ने तिथि घोषित कर उपचुनाव करा दिया। जिसमें दिवंगत मुनेश देवी की पुत्रवधू संगीता पत्नी पंकज कुमार उर्फ कक्कू और विपक्ष से प्रियंका पत्नी विजय कुमार उर्फ रावत मैदान में थीं।
बहरहाल नियत समय सुबह 7:00 से शुरू हुआ मतदान शाम 5:00 बजे तक निर्बाध गति से चला। हालांकि आसमान में दिनभर बादल छाए रहे लेकिन दोपहर में उमस बढ़ने पर लोग घरों से नही निकले। जिससे मतदान में गिरावट आई। मगर दिन ढलने के साथ मतदाताओं में पुन: उत्साह जागा और उन्होंने जमकर वोट करते हुए अंतिम क्षणों तक मतदान 59.79 प्रतिशत पहुंचा दिया। इस दौरान एसडीएम मवाना अखिलेश यादव ने भी मतदेय स्थल का निरीक्षण किया। आज सुबह 8:00 बजे से माछरा ब्लाक परिसर में मतगणना कराई जाएगी।
मुल्हैड़ा में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ उपचुनाव
सरधना: गुरुवार को मुल्हैड़ा गांव में ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए उपचुनाव हुआ। भारी पुलिस फोर्स के बीच शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न हुआ। उपचुनाव में कुल 66.88 प्रतिशत लोगों ने अपने मत का प्रयोग किया। सरूरपुर ब्लॉक के मुल्हैड़ा गांव में गुरुवार को ग्राम पंचायत सदस्य वार्ड नंबर दो पर उपचुनाव हुआ।
जिसमें दो प्रत्याशी मैदान में थे। सुबह को यहां पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया। एसपी देहात केशव कुमार भी जायजा लेने पहुंचे। उपचुनाव में कुल 302 वोट में से 202 लोगों ने अपने मत का प्रयोग किया। यानी कुल 66.88 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। एसपी देहात केशव कुमार भी मतदान स्थल का जायजा लेने पहुंचे।

