- खुरगान के जंगल में चल रही तमंचा फैक्ट्री पकड़ी
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: आगामी पंचायत चुनाव में गड़बड़ी फैलाने एवं अपराध कारित करने के उद्देश्य से जंगल में बन रहे तमंचे बरामद किए हैं। पुलिस ने अवैध तमंचा फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए तमंचे, कारतूस और एक आरोपी को पकड़ा है।
शुक्रवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गांव खुरगान के जंगल में चलाई जा रही अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री का भडाफोड़ किया। जहां से पुलिस ने एक आरोपी आलिम पुत्र इस्लाम निवासी ग्राम खुरगान थाना कैराना को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मौके से 14 तमंचे 315 बोर, 4 तमंचे 12 बोर, 6 कारतूस 315 बोर, 6 कारतूस 12 बोर, एक अवैध बंदूक 12 बोर, 6 अधबने तमंचे 315 बोर, एक पौनिया 12 बोर व अवैध हथियार बनाने के उपकरण 10 नाल, 14 लोहे की स्प्रिंग व वेल्डिंग मशीन आदि बडी मात्रा में उपकरण बरामद किए।
एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी का भाई फुरकान मौके से फरार हो गया। जिसकी तलाश में पुलिस कांबिंग कर रही है। आरोपी द्वारा पूछताछ में बताया गया कि वह अवैध शस्त्र फैक्ट्री में बन रहे अवैध हथियारों का इस्तेमाल पंचायत चुनाव में हिंसा फैलाने व अपराध करने के लिए करने वाले थे।
एसपी ने बताया कि आरोपियों द्वारा देसी तमंचों का निर्माण कर मोटी रकम पर आसपास के क्षेत्रों में बेचते हैं। साथ ही जिन लोगों को अवैध हथियार बेचे एवं सप्लाई किए गए हैं उनका भी पता लगाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

