जनवाणी ब्यूरो |
शामली: गांव बधैव में बर्गर उधार नहीं देने पर एक युवक ने ठेले वाले पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त बलकटी भी बरामद गई है।
आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव बधैव कन्नूखेडा निवासी राजू पुत्र सतपाल गांव में ही बर्गर व चाऊमीन का ठेला लगाता है। 15 अप्रैल की देर शाम को गांव का ही एक युवक विकास सैनी बर्गर खाने के लिए राजू के ठेले पर पहुंचा था। विकास ठेले वाले राजू से उधार बर्गर मांगने लगा लेकिन राजू ने उधार देने से मना कर दिया।
जिसको लेकर उनमें विवाद हो गया। आरोप है कि विकास सैनी ने विक्रेता राजू पुत्र सतपाल पर धारदार हथियार बलकटी से हमला कर घायल कर दिया जिसमें वह राजू घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के साथ घायल राजू को अस्पताल में भर्ती कराया था।
साथ ही राजू के भाई दीपक ने थाने पर लिखित तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी को गिरफ्तार करने के कडे निर्देश दिए। जिसके बाद पुलिस ने बधेव में दबिश देकर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी विकास सैनी पुत्र रामू उर्फ रामफल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बलकटी भी बरामद की है।

